‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में रणवीर इलाहाबादिया के अश्लील कमेंट पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शो के जजेस और आयोजकों सहित समय रैना और इलाहाबादिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हो चुकी है। कई सेलेब्स ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अब बॉलीवुड निर्माता बोनी कपूर ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है।
रैना-इलाहाबादिया पर भड़के बोनी कपूर
बोनी कपूर ने रणवीर इलाहाबादिया की विवादास्पद टिप्पणियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं है कि समाज में अस्वीकार्य बयान दिए जाएं। उन्होंने कहा, “उसने जो किया, मैं उसका बिल्कुल भी समर्थन नहीं करता। कुछ सीमाएं होनी चाहिए। सेल्फ-सेंसरशिप भी जरूरी है।”
बोनी कपूर ने सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार तरीके से बात करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “अपने घर के भीतर, आप जो भी बात करना चाहते हैं, कर सकते हैं, लेकिन सामाजिक मंचों पर आपको सावधान और अनुशासित रहना चाहिए।”
बोनी कपूर और अर्जुन कपूर ने ओडिशा सीएम से की मुलाकात
इस बीच, बोनी कपूर और उनके बेटे अर्जुन कपूर ने बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से राज्य विधानसभा में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता दिया। इस सीजन में बंगाल टाइगर्स टीम के घरेलू मैदान के रूप में कटक का बाराबती स्टेडियम चुना गया है, जहां कई मैच खेले जाएंगे।
समय रैना ने डिलीट किए ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सभी एपिसोड
बढ़ते विवाद के चलते समय रैना ने अपने चैनल से ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सभी एपिसोड डिलीट कर दिए हैं। उन्होंने पहली बार इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जो कुछ भी हो रहा है, वह मेरे लिए बहुत ज्यादा है। मैंने अपने चैनल से ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सभी वीडियो डिलीट कर दिए हैं। मेरा मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना और अच्छा समय देना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके। धन्यवाद।”
अब तक 6 लोगों के दर्ज हुए बयान
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में अब तक पुलिस ने 6 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें आशीष चंचलानी और अपूर्वा मखीजा भी शामिल हैं। पुलिस को दिए अपने बयान में आशीष चंचलानी और अपूर्वा मखीजा ने बताया कि शो स्क्रिप्टेड नहीं था। वहीं, रणवीर इलाहाबादिया भी जल्द ही अपना बयान दर्ज कराएंगे।