बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के चाहने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बीते दिनों तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 89 वर्षीय अभिनेता को 10 नवंबर को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, जिससे उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई थी। हालांकि अब डॉक्टरों की देखरेख में उनकी हालत में सुधार हुआ है और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब अभिनेता का आगे का इलाज उनके घर पर ही किया जाएगा।
घर पहुंचाए गए धर्मेंद्र, फैंस ने जताई खुशी
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र को एंबुलेंस के ज़रिए उनके घर ले जाया गया, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को इंस्टैंट बॉलीवुड ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर साझा किया है। वीडियो सामने आने के बाद से ही फैंस में खुशी की लहर है, और लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टरों ने भी पुष्टि की है कि अभिनेता की हालत स्थिर है और परिवार ने उन्हें घर पर इलाज जारी रखने का निर्णय लिया है।
हेमा मालिनी और ईशा देओल ने दी थी अपडेट
11 नवंबर को धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया के माध्यम से अभिनेता की सेहत को लेकर जानकारी दी थी। ईशा ने लिखा था कि, “मीडिया में धर्मेंद्र जी की सेहत को लेकर कई तरह की गलत खबरें फैल रही हैं। पापा की तबीयत फिलहाल स्थिर है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। हम सभी से निवेदन है कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। सभी शुभचिंतकों का दिल से धन्यवाद जिन्होंने पापा के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की।”
1 नवंबर से बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र की तबीयत 1 नवंबर को बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों में जब उनकी हालत ज्यादा खराब बताई गई, तब उनके परिवार के सभी सदस्य उनसे मिलने पहुंचे। शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान जैसे कई बॉलीवुड सितारे भी धर्मेंद्र का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। इस बीच मंगलवार को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की अफवाहें फैलने लगीं, जिन्हें हेमा मालिनी और ईशा देओल ने तुरंत खारिज किया। दोनों ने पोस्ट के ज़रिए लोगों को आश्वस्त किया कि धर्मेंद्र सुरक्षित हैं और रिकवर कर रहे हैं।
फिलहाल अभिनेता घर पर आराम कर रहे हैं और डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नज़र रख रही है। उनके फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकार उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।









