Raid 2 Review: अजय की ‘ईमानदार’ वापसी, रितेश की दमदार खलनायकी! क्या ये सीक्वल उम्मीदों पर खरा उतरा? पढ़ें पूरी समीक्षा

0
13

Raid 2 Review: 2018 की ब्लॉकबस्टर रेड के बाद, रेड 2 एक बार फिर ईमानदार अफसर अमय पटनायक की कहानी को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाती है। अजय देवगन इस किरदार में एक बार फिर जान फूंकते हैं, और इस बार मुकाबला और भी बड़ा है—4,200 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग और एक शक्तिशाली राजनेता का काला साम्राज्य।

राज कुमार गुप्ता का निर्देशन कहानी को सटीक और तीव्र बनाता है। फिल्म भोजपुर क्षेत्र की पृष्ठभूमि में सेट है, जहां सत्ता, भ्रष्टाचार और न्याय की गहरी लड़ाई चलती है। यह संघर्ष अजय देवगन की 75वीं रेड के दौरान अपने चरम पर पहुंचता है।

रितेश देशमुख का खौफनाक ट्रांसफॉर्मेशन

इस फिल्म की सबसे चौंकाने वाली बात है रितेश देशमुख का विलेन रूप। अब तक अनेकों हास्य किरदारों में नजर आने वाले रितेश ने इस बार एक शातिर और प्रभावशाली खलनायक के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उनकी परफॉर्मेंस न सिर्फ चौंकाती है, बल्कि कहानी को गहराई भी देती है। इससे पहले 2014 में आई हिट मूवी “एक विलेन” में खलनायक का किरदार रितेश ने बखूबी निभाया था, हालांकि रेड 2 खलनायक अवतार एक राजनेता का है

मजबूत महिला किरदार और सहायक भूमिकाएं

वाणी कपूर ने अजय देवगन की पत्नी के रूप में अपनी भूमिका को सहजता से निभाया है। हालांकि इलीना डिक्रूज के किरदार को रिप्लेस करना आसान नहीं था, फिर भी वाणी अपने हिस्से का प्रभाव छोड़ने में सफल रही हैं। सौरभ शुक्ला की वापसी एक बोनस की तरह है, वहीं रजत कपूर, सुप्रिया पाठक और अमित सियाल जैसी अनुभवी कास्ट ने फिल्म को मजबूती दी है।

दमदार बैकग्राउंड स्कोर और संगीत

फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर इसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। 1980 के दौर के प्रभाव को दर्शाने के लिए पुराने बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल बारीकी से किया गया है। रोमांटिक गाने अजय और वाणी पर फिल्माए गए हैं, वहीं तमन्ना भाटिया का डांस नंबर और हनी सिंह-जैकलीन का गाना फिल्म के क्लाइमेक्स में माहौल बनाते हैं।

कहानी की गंभीरता और सामाजिक संदेश

रेड 2 सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं, बल्कि एक सामाजिक बयान भी है। फिल्म यौन उत्पीड़न जैसे मुद्दे को भी कहानी में शामिल करती है, जिससे इसे एक नई गंभीरता और प्रासंगिकता मिलती है। मनी लॉन्ड्रिंग, सत्ता का दुरुपयोग और जनता के साथ धोखा—इन सभी पहलुओं को फिल्म प्रभावी तरीके से सामने लाती है।

रेड 2 अपने पूर्ववर्ती की तुलना में अधिक तीव्र, गहरी और मनोरंजक है। अजय देवगन की ईमानदार छवि और रितेश देशमुख की अप्रत्याशित खलनायकी इसे एक बेहतरीन थ्रिलर बनाते हैं। दोनों के बीच डायलॉगबाजी दर्शकों को पसंद आएगी।

निर्देशक: राज कुमार गुप्ता

कलाकार: अजय देवगन, रितेश देशमुख, वाणी कपूर, सौरभ शुक्ला, रजत कपूर, सुप्रिया पाठक, अमित सियाल

विशेष उपस्थिति: तमन्ना भाटिया, यो यो हनी सिंह, जैकलीन फर्नांडीस

शैली: क्राइम थ्रिलर

रिलीज डेट: 1 मई 2025