समाजवादी पार्टी में लोकसभा चुनाव के बीच एक नए नाम कि चर्चा जोरों पर है और वो नाम है अदिति यादव। मैनपुरी में मां डिंपल यादव का चुनाव प्रचार करने के बाद अब कन्नौज अपने पिता अखिलेश यादव के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं। नुक्कड़ सभा के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा-‘आप लोगों ने नेता जी को सांसद चुना। मेरी मम्मी को चुना और मेरे पिता जी को चुना। कहा कि वह 2014 के चुनाव में भी यहां आई थीं। इस बार 10 साल बाद वोट मांगने आई हूं। 2003 की समाजवादी सरकार में यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित हुआ। 2012 की सपा सरकार में कैंसर अस्पताल, कॉर्डियोलॉजी, इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित हुआ। कई और विकास की योजनाएं यहां लागू हुईं। इसी विकास को आगे बढ़ाने के लिए आप सभी 13 मई को समाजवादी पार्टी को वोट दीजिएगा और भारी बहुमत से जिताइएगा।’
कौन हैं अदिति यादव?
अदिति यादव समाजवादी पार्टी के पूर्व मुखिया मुलायम सिंह यादव की पोती हैं और अखिलेश यादव और डिंपल यादव की बेटी हैं। 21 वर्षीय अदिति यादव इन दिनों चुनाव में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के ला मार्टिनियर कॉलेज से स्कूल की पढ़ाई पूरी की और वर्तमान समय में यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में पॉलिटिक्स और इंटरनेशनल रिलेशन की पढ़ाई कर रही हैं। अदिति के चुनाव प्रचार के लिए सामने आने के कई मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि उनकी राजनीति में एंट्री हो चुकी है। लेकिन ये वक्त बताएगा कि अदिति अपने दादा मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाएंगी या नहीं।