व्यापार करने के मामले में भारत एक सुगम देश होता जा रहा है। वर्ल्ड बैंक द्वारा जारी ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सूची में भारत ने 30 स्थान की छलांग लगाकर अपने आप को टॉप 100 में शामिल कर लिया है। पिछले साल भारत का इस सूची में 130वां स्थान था।

रिपोर्ट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस बाबत जानकारी दी। जेटली ने कहा हम ना सिर्फ टॉप 100 में शामिल हुए हैं बल्कि पिछले साल की स्थिति में सुधार लाने वाले टॉप 10 देशों में भी शामिल हैं। इसका मतलब है कि हमारे देश में आर्थिक सुधारों की गति काफी अच्छी चल रही है।

Arun Jaitleyवित्त मंत्री ने इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में भी भारत के अच्छे प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे शेयरधारकों और व्यवसायीयों की सुरक्षा के मामले में भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि व्यवसाय या उधोग के लिए क्रेडिट उपलब्ध कराने के मामले में भारत को 29वां स्थान मिला है। जेटली ने कहा कि अब उधोगों को बिजली भी सुगमता से मिलने लगी है, जिसके कारण भारत की रैंकिंग इस मामले में 29वीं हो गई है। भारत कर भरने के मामले में भी 119वें स्थान पर है। उन्होंने बताया कि पहले हम इस मामले में 172वें स्थान पर थे, लेकिन कर सुधारों के कारण हमारी स्थिति 53 स्थान तक सुधरी है। जेटली ने कहा हम ईज ऑफ डूइंग बिजनस की इस सूची में 50वें स्थान पर पहुंचने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

आपको बता दें कि कुल 190 देशों की इस सूची में भारत पिछले साल 130वें स्थान पर था। वहीं 2014 में मोदी सरकार के आने से पहले यह स्थिति 142वीं थी। पीएम मोदी ने भी इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म के मंत्र ने भारत को यह मुकाम दिलाया है।