Akansha Dubey: भोजपुरी इंडस्ट्री की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव बीते दिनों वाराणसी में एक होटल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला था। इसके बाद से इंडस्ट्री में हलचल मच गई थी। किसी ने बताया कि अभिनेत्री ने सुसाइड की है तो किसी ने दावा किया कि उन्हें मारा गया है। हालांकि, ये पुलिस जांच का विषय है और इसकी जांच जारी है।
वहीं, इसी बीच दिवंगत अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनकी मौत के कुछ दिन पहले का है। हालांकि, वास्तविक रूप से इसकी असल टाइमिंग का अभी पता नहीं है। लेकिन इस वीडियो में आकांक्षा रोती हुई दिख रही हैं। इसके साथ ही वह कह रही हैं कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है तो उसके जिम्मेदार समर सिंह होंगे। बता दें कि आकांक्षा की मौत मामले में पुलिस समर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

Akansha Dubey:वीडियो में रोती हुई दिखी हैं आकांक्षा
मौत के बाद आकांक्षा दुबे का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो उनके इंस्टाग्राम स्टोरी का प्रतीत हो रहा है। वीडियो में अभिनेत्री रोती हुई अपनी परेशानी के बारे में बताती हुई दिखी हैं। वीडियो के अनुसार, आकांक्षा दुबे ने रोते हुए कहा है,”मैंने क्या गलती की है मुझे पता नहीं लेकिन मैं इस दुनिया में नहीं रहना चाहती हूं। अगर मुझे कुछ भी होता है तो उसकी जिम्मेदारी समर सिंह की है।”
वहीं, यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और भी सतर्क हो गई है और वीडियो की सत्यता के साथ-साथ मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
अभिनेत्री की मां ने समर सिंह पर लगाया था हत्या करने का आरोप
आपको बता दें कि एक न्यूज चैनल से बात करते हुए आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने भी समर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने एक्टर और सिंगर समर सिंह पर अपनी बेटी की हत्या के आरोप लगाए थे। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि समर सिंह आकांक्षा को बहुत ही टॉर्चर करता था और उसके साथ मारपीट करता था।
समर सिंह की गिरफ्तारी पर आकांक्षा की मां ने खुशी भी जाहिर की थी। उन्होंने आरोपी समर सिंह के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
मालूम हो कि अभिनेत्री आकांक्षा दुबे वाराणसी के सारनाथ में एक फिल्म की शूटिंग के लिए गई थीं। बीते 26 मार्च को एक होटल के कमरे में आकांक्षा दुबे का शव मिला था। उनका शव होटल के कमरे में फंदे से लटका हुआ था। इस घटना के बाद आकांक्षा के परिवार वालों ने समर सिंह और उसके भाई पर गंभीर आरोप लगाए थे। फिलहाल पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः
“मैं किसी के बाप से नहीं डरता”, जानिए अजित पवार पर क्यों भड़के संजय राउत?