प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के ऐलान के बाद से उनपर सियासी बयानबाजी का दौर जारी है। पिछले दिनों विपक्षी दलों के कई नेता उन पर विवादास्पद टिप्पणियां कर चुके है। जिसके बाद अब भारतीय जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी की इस टिप्पणी को उसी कड़ी में देखा जा रहा है।
राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि प्रियंका को एक बीमारी है, जो सार्वजनिक जीवन में अनुकूल और उपयुक्त नहीं है। उसको बाईपोलैरिटी कहते हैं, यानी उसका हिंसावादी चरित्र दिखाई पड़ता है। लोगों को पीटती है।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने इसके साथ ही कहा कि पब्लिक को पता होना चाहिए कि प्रियंका गांधी कब संतुलन खो बैठेंगी, किसी को पता नहीं है। बता दें कि पिछले दिनों ही कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी का प्रभार सौंपा है।
इससे पहले बीजेपी के ही नेता कैलाश विजयवर्गीय ने प्रियंका गांधी को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ‘कांग्रेस के पास नेता नहीं हैं, इसलिए वो चॉकलेटी चेहरे के माध्यम से चुनाव में जाना चाहते हैं। यह उनके अंदर आत्मविश्वास की कमी को दिखाता है।’
इसके अलावा विजवर्गीय ने हाल ही में कई छुटभैये कांग्रेसी नेताओं द्वारा फिल्म स्टारों को चुनाव लड़ाने की मांग पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा, ‘कोई करीना का नाम चलाता है, कोई सलमान खान का, कभी प्रियंका गांधी को ले आते हैं.’