कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में कदम रखने से कांग्रेस को नयी ताकत मिलेगी और पार्टी पूरे दमखम के साथ लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करेगी। दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को अमेठी पहुंचे गांधी ने कहा “ मुझे प्रसन्नता है कि प्रियंका अब मेरे साथ काम करेंगी। वह वाकई निडर और कर्मठ है। उनके सक्रिय राजनीति में आने से भाजपा की नींद उड़ गयी है। प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनों को पूरा करेंगे। मुझे पूरा यकीन है कि प्रियंका एक कर्मठ और काबिल नेतृत्व देने में सफल होंगी।”
ज्योतिरादित्य सिंधिया की तारीफ करते हुये उन्होने कहा कि युवा नेताओं की आमद उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने का प्रयास है। प्रियंका और ज्योतिरादित्य सिंधिया शक्तिशाली नेता है। दोनों के आने से भाजपा नेताओं को अब रात में नींद नहीं आयेगी। युवा शक्ति से भरपूर कांग्रेस अब निडरता के साथ भाजपा का सामना करने को तैयार है। उन्होने कहा “ हमारी कोशिश है कि यूपी की सियासत को बदला जाए, हम इसके लिए काम कर रहे हैं। गुजरात हो या फिर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कहीं भी बैकफुट पर नहीं खेलेगी।
ये भी पढ़ें : राहुल का राजनीतिक स्टंट, प्रियंका गाँधी को बनाया कांग्रेस महासचिव दिया पूर्वी यूपी का प्रभार
सपा-बसपा गठबंधन को लेकर गांधी ने कहा “ बसपा प्रमुख मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का मैं निजी तौर पर बहुत सम्मान करता हूं। उनके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। वे जैसे सहयोग की अपेक्षा कांग्रेस से करते हैं, वह उन्हे देने के लिये पार्टी तैयार है। आखिरकार तीनों का लक्ष्य भाजपा को हराना है। हालांकि इसके साथ ही कांग्रेस का लक्ष्य अपनी विचारधारा को बचाने का भी है। ”
उन्होने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश की बदहाली के लिए वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकारें जिम्मेदार हैं। यहां की सरकारों ने उत्तर प्रदेश को विकास के मामले में बहुत पीछे ढकेल दिया है। प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के हाथ उत्तर प्रदेश की कमान आने के बाद उत्तर प्रदेश में एक नई और सकारात्मक सोच आएगी।
इस बीच विधान परिषद सदस्य और राहुल एवं प्रियंका के निकटस्थ दीपक सिंह ने कहा कि प्रियंका और ज्योतिरादित्य को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाये जाने के पीछे पार्टी आलाकमान की मंशा लोकसभा चुनाव के साथ साथ 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की भी नींव रखना है। उधर, प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाये जाने से गदगद कांग्रेसियों ने लखनऊ,अमेठी और रायबरेली में जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां वितरित की। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में सारा दिन बधाइयों का सिलसिला जारी रहा।
-साभार, ईएनसी टाईम्स