इन दिनों भारतीय राजनीति में भगवा रंग धुरी बना हुआ है। राजानीतिक दल रंगों पर राजनीति करने से भी पीछ नहीं हट रहे हैं। भारतीय राजनीति अब ‘भगवाकरण’ शब्द के आस-पास घूम रही है और खास कर उत्तर प्रदेश में तो माहौल अधिक गर्म है। हिन्दू वोट बैंक को साधने में बड़े-बड़े दिग्गज भी भगवा अपनाने को आतुर दिखाई पड़ने लगे हैं। ताजा मामला लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय का है। यहां भी भगवा का जादू देखने को मिल रहा है।
दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में इन दिनों रंगाई पुताई को काम चल रहा है। इसी के तहत यहां के मीडिया सेंटर की एक दीवार को भगवा रंग में रंग दिया गया है। इसके बाद जब कांग्रेसियों को इसमें गलती नजर आई तो आनन फानन में उस पर सफेद रंग चढ़वाया गया।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मॉल एवेन्यू स्थित मुख्यालय के मीडिया सेंटर के कमरे की दीवार पर रंग रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान कमरे की दीवार को भगवा रंग का कर दिया गया था। बाद में गलती नजर आने पर कांग्रेसी नेताओं ने आनन-फानन में इस गलती को सुधारते हुए इसे हटाने को कहा। लिहाजा भगवा हो चुकी कांग्रेस मीडिया कक्ष के भगवा रंग को उतारा जाने लगा और उस पर फिर से सफेद रंग चढ़ाया जाने लगा। हालांकि ये खबर मीडिया में आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता इस पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
आपको बता दें कि यूपी में इससे पहले रोडवेज बसों, मुख्यमंत्री कार्यालय, शौचालय, थाने, टोल प्लाजा और हज हाउस समेत कई इमारतों को भगवा रंग में रंगा जा चुका है। जिसको लेकर कांग्रेस समेत अन्य दलों ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा था।