Ganesh Visarjan 2022: सनातन धर्म में गणेश चतुर्थी बहुत धूमधाम से मनायी जाती है। गणेश चतुर्थी के दिन भक्त अपने घरों में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करते हैं और 10 दिनों तक अपने घर में उसकी पूजा करते हैं। इसके बाद अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश भगवान का विर्सजन किया जाता है। आज 9 सितंबर को अनंत चतुर्दशी है और आज ही गणपति बप्पा का विसर्जन किया जा रहा है।
गणपति विसर्जन के दिन गणेश भगवान को काफी भव्य रूप से तैयार किया जाता है और गणेश जी की झांकियां भी निकाली जाती हैं। झांकियां निकालकर उनकी मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। अगर आप भी आज गणेश विसर्जन करने जा रहे हैं तो आइए हम आपको बताते हैं कि भगवान गणेश को विसर्जित करने का शुभ मुहूर्त, विधि और उपाय क्या है?

Ganesh Visarjan 2022: गणपति विसर्जन का शुभ मुहूर्त
आज के दिन गणपति विसर्जन का समय सुबह से लेकर शाम तक रहेगा। हालांकि, अगर आप सुबह के समय गणपति बप्पा का विसर्जन नहीं कर पाए तो हम आपको बताते हैं आज के दिन का मुहूर्त। भगवान गणेश के विसर्जन का सुबह का शुभ मुहूर्त 6 बजकर 3 मिनट से सुबह के 10 बजकर 44 मिनट तक का है। वहीं, दोपहर को विसर्जन का समय 12 बजकर 18 मिनट से 1 बजकर 52 मिनट तक का है। शाम के समय गणेश विसर्जन का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजे से लेकर 6 बजकर 31 मिनट तक का है।
Ganesh Visarjan 2022: इस विधि से करें भगवान गणेश का विसर्जन
विसर्जन के दिन गणपति बप्पा की पूजा करें। पूजा करते समय गणपति बप्पा को दूर्वा, हल्दी, कुमकुम, नारियल, और अक्षत अर्पित करें। इसके बाद बप्पा को मोदक या लड्डू का भोग लगाएं, फिर धूप, दीपक और अगरबत्ती से बप्पा की आरती करें। इसके बाद एक चौकी को गंगाजल से साफ करें और उसमें स्वास्तिक का निशान बनाकर अक्षत डालें। इस चौकी पर अब लाल रंग का कपड़ा बिछाएं। अब मूर्ति को इस चौकी पर रखें। इसके बाद किसी नदी में जाकर मूर्ति का विसर्जन करें। विसर्जन से पहले कपूर जलाकर गणेश जी की आरती करें। इसके बाद हाथ जोड़कर गणपति बप्पा से अगले साल फिर से आने की कामना करें।

Ganesh Visarjan 2022: गणेश विसर्जन से पहले करें ये उपाय
- गणेश जी के विसर्जन से पहले आप ऐसे कई तरह के उपाय कर सकते हैं, जिससे आपके जीवन की सारी मुश्किलें दूर हो जाएं। अगर आप किसी आर्थिक समस्या का सामना कर रहे हैं तो विसर्जन से पहले गणपति बप्पा को गुड़ और गाय के घी से बना भोग अर्पित करें। माना जाता है कि ऐसा करने से दरिद्रता से छुटकारा मिल जाता है।
- कड़ी मेहनत के बाद भी अगर आपका कार्य सफल नहीं हो रहा या काम बनते-बनते बिगड़ जा रहा है तो गणेश विसर्जन से पहले बप्पा को चार नारियल की माला बनाकर अर्पित करें।
- अगर आप मनचाहा जीवनसाथी चाहते हैं या शादी में कोई अड़चन आ रही है तो विसर्जन से पहले हल्दी में सिंदूर मिलाकर गणेश जी को अर्पित करें। इससे शादी में आने वाली सभी अड़चनें दूर हो जाएंगी और आपको मनचाहे जीवनसाथी का साथ मिलेगा।
- अगर आप किसी भी तरह के दोष का सामना कर रहे हैं तो विसर्जन से पहले गणपति बप्पा को केले की माला बनाकर अर्पित करें। इससे आपको दोष से छुटकारा मिल जाएगा।
Ganesh Visarjan 2022: आखिर क्यों किया जाता है गणेश विसर्जन
हिंदुओं की पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, गणेश भगवान लगातार 10 दिनों तक महाभारत की रचना की थी। जिससे उनका पूरा शरीर तपने लगा था। उस समय वेद व्यास जी गणेश जी को एक पानी के स्रोत के पास लेकर गए और उन्हें स्नान कराया। स्नान करने से गणेश जी के शरीर की तपन खत्म हो गयी। उस दिन अनंत चतुर्दशी थी। तभी से इस तिथि को गणेश विसर्जन किया जाने लगा।
यह भी पढ़ें: