अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी केनेथ जेस्टर अब भारत में अमेरिका के नए राजदूत होंगे। केनेथ जेस्टर रिचर्ड वर्मा का स्थान लेंगे। वाइट हाउस की उप प्रवक्ता लिंजी ई वाल्टर्स ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, ‘बहुत अधिक योग्य होने के कारण केनिथ जेस्टर को भारत का राजदूत बनाया जा रहा है। उनका व्हाइट हाउस में सभी के साथ मजबूत और सकारात्मक रिश्ता है।’ आपको बता दें कि जेस्टर फिलहाल राष्ट्रपति ट्रंप के लिए अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मामलों के डिप्टी असिस्टेंट और नेशनल इकोनॉमिक कौंसिल के डिप्टी डायरेक्टर हैं।
वहीं अमेरिका में भारतीय मामलों के शीर्ष विशेषज्ञ ऐशली टेलिस ने इस कदम का स्वागत किया है। हालांकि इस संबंध में अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है पर इसे लेकर वाइट हाउस की पुष्टि से सभी तरह की अटकलों पर विराम लग गया है। जेस्टर को भारतीय राजदूत बनाने का अमेरिका के कई भारतीय विशेषज्ञों ने भी स्वागत किया है। ऐसे ही एक विशेषज्ञ ऐश्ले टेलिस ने कहा, ‘केनेथ भारत को अच्छे से जानते हैं और दोनों देशों के बीच कई सफल द्विपक्षीय वार्ता कराने में उनकी गहन भूमिका रही है। भारतीय लोग उनका उत्साह के साथ स्वागत करेंगे। उन्हें काफी लोग जानते हैं। ‘
गौरतलब है कि अभी तक भारत में राजदूत रहे रिचर्ड वर्मा इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी थे। ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ओबामा के जाने के बाद वर्मा का हटना लगभग तय ही था और वही हुआ। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति के उप सहायक और उनके राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के उप निदेशक 62 वर्षीय जेस्टर को भारतीय नीतिगत मुद्दों और अमेरिका-भारत संबंधों पर काम करने का बहुत अधिक अनुभव है। वैसे भारत को जेस्टर से यही आशा है कि वह भारत और अमेरिका के रिश्ते को मजबूत बनाने में मददगार साबित होंगे।