सोमालिया की सेना ने समुद्री डाकुओं के कब्ज़े से आठ भारतीय नाविकों को छुड़ा लिया है। ये लोग भारतीय पाल नौका ‘अल कौसर’ चालक दल के सदस्य हैं, जो दो अप्रैल को अगवा किए गए थे। सोमालियाई तटरक्षकों के अधिकारी ने बुधवार को बताया कि भारतीय नाविकों को पिछले सप्ताह ही अगवा कर लिया गया था। होब्यो शहर के मेयर अब्दुल्ला अहमद अली ने बताया कि समुद्री डाकुओं ने नाविकों को एक छोटे गांव में छिपा रखा था।
प्रांतीय समुद्री रक्षा बल के उपकमांडर अब्दीराशिद मोहम्मद अहमद ने बताया कि चार डाकुओं को पकड़ने में भी कामयाबी मिली है। मेयर ने बताया कि समुद्री डाकुओं ने 10 नाविकों को अगवा किया था। उन्होंने बताया कि दो नाविकों को रविवार को ही छुड़ा लिया गया था।
गालमुदुग प्रांत के बंदरगाह एवं समुद्री परिवहन मंत्री बुरहान वारसेम ने बताया कि बुधवार सुबह सेना की लुटेरों से मुठभेड़ हुई थी। डाकुओं के चंगुल से छुड़ाए गए सभी नाविक सुरक्षित हैं।
अल कौसर के सदस्यो को अगवा करने वाले डाकुओं ने नाविकों की रिहाई के लिए भारत में कैद अपने कुछ साथियों की रिहाई की मांग रखी थी। दुबई से यमन जाते वक्त सोमालिया के पंटलैंड से इसे अगवा किया गया था। सबी नाविक मुंबई के मांडवी के रहने वाले हैं। गौरतलब है कि 2012 में सोमालिया से जहाजों को अगवा करने की घटनाएं चरम पर थी।
इस साल डाकुओं ने 237 जहाजों को अपना निशाना बनाया था। अंतरराष्ट्रीय प्रयासों से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग गया था। लेकिन, इस साल ऐसी घटनाओं में फिर से तेजी दिख रही है।