CM yogi Ayodhya Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की महत्वपूर्ण घोषणा की। 432 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भदरसा नगर पंचायत का नाम अब ‘भरतनगर भरतकुंड’ होगा, जबकि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम ‘मां ज्वाला नगर पंचायत’ रखा जाएगा।
धार्मिक विरासत से जोड़ा नामकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक की मांग पर खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा। वहीं भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतनगर भरतकुंड करने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के छोटे भाई महाराज भरत त्याग, समर्पण और आदर्श भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि 14 वर्षों तक भरत ने भरतकुंड में रहकर भगवान राम की चरण पादुकाओं के माध्यम से अयोध्या का शासन चलाया और मर्यादा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भदरसा की घटना ने समाजवादी पार्टी का वास्तविक चरित्र उजागर कर दिया था। ऐसे में इस क्षेत्र को उसकी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विरासत और आस्था दोनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
‘तीनों लोकों से न्यारी बन चुकी है अयोध्या’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या अभूतपूर्व बदलाव का प्रतीक बन चुकी है। आधुनिक सड़कें, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सोलर सिटी की दिशा में बढ़ते कदम और सरयू तट का विकास इसे नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक व्यापक विकास कार्य किए गए हैं, जबकि सूरजकुंड के पुनरुद्धार और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अयोध्या के विकसित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करें और इस परिवर्तन के साक्षी बनें।
यह भी पढ़ें:









