भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश आगमन पर राजधानी लखनऊ में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उनका स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से परिचय भी कराया। पार्टी के लिए यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर कई बैठकें प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
एयरपोर्ट पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, ए.के. शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल तथा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
भाजपा नेतृत्व के अनुसार नितिन नबीन का यह दो दिवसीय लखनऊ प्रवास संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं से संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









