गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज या आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने देगी।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक व्यक्ति के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जरूरतमंदों को मिलेगा आवास और इलाज में आर्थिक सहयोग
जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा कि पात्रता के आधार पर उसे सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में कई ऐसे लोग भी पहुंचे, जो गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि आर्थिक तंगी किसी भी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। दिल्ली एम्स में उपचार करा रही एक महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता देने का आश्वासन दिया गया, जबकि एक अन्य महिला के उपचार की व्यवस्था गोरखपुर एम्स अथवा बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र नागरिक तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य आमजन को राहत देना होना चाहिए।
जमीन कब्जाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जनता दर्शन में भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
बच्चों से आत्मीय मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान अपने परिजनों के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद दिया और पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।









