Women T20 World Cup 2026: सेमीफाइनल की दहलीज पर टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया से 2024 की हार का हिसाब होगा बराबर?

0
1

Women T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 लगभग अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और भारतीय महिला टीम के सामने सेमीफाइनल में जगह बनाने की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी है। ग्रुप-ए के अंतिम मुकाबले में भारत का सामना छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मुकाबला सिर्फ दो अंक हासिल करने का नहीं, बल्कि 2024 टी20 विश्व कप में मिली उस हार का हिसाब बराबर करने का भी मौका होगा, जिसने भारत का सेमीफाइनल का सपना तोड़ दिया था।

दो साल पहले 2024 महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 रन से हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए थे, लेकिन भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 142 रन ही बना सकी। यही हार भारत के लिए टूर्नामेंट का अंत साबित हुई थी। इस बार परिस्थितियां फिर कुछ वैसी ही हैं, लेकिन टीम इंडिया के पास इतिहास बदलने का मौका भी मौजूद है।

ग्रुप-ए की अंक तालिका पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया चारों मुकाबले जीतकर आठ अंकों के साथ पहले स्थान पर काबिज है। भारत तीन जीत और एक हार के साथ छह अंकों तथा +2.268 के बेहतर नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका भी छह अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है, लेकिन उसका नेट रन रेट भारत से काफी कम (+0.734) है। ऐसे में अंतिम दौर के मुकाबले सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह बदल सकते हैं।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत पाकिस्तान(64 रनों से जीत) और नीदरलैंड (95 रनों से जीत) पर जीत के साथ की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (6 विकेट से हार) हार ने टीम की राह मुश्किल बना दी। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ कम स्कोर वाले मुकाबले में तेज रन गति से लक्ष्य हासिल कर भारत ने न केवल जीत दर्ज की बल्कि अपने नेट रन रेट को भी मजबूत किया। यही कारण है कि फिलहाल सेमीफाइनल की दौड़ में भारत की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर दिखाई दे रही है।

हालांकि भारत की राह अभी आसान नहीं है। 28 जून को होने वाले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में जीत लगभग सेमीफाइनल का टिकट सुनिश्चित कर सकती है। दूसरी ओर, उसी दिन सुबह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच भी अहम मुकाबला खेला जाएगा। यदि दक्षिण अफ्रीका बड़े अंतर से जीत दर्ज करती है तो नेट रन रेट की गणित भारत के लिए चुनौती बन सकती है। वहीं यदि बांग्लादेश उलटफेर करता है तो भारतीय टीम की राह और आसान हो जाएगी।

ऑस्ट्रेलियाई टीम इस विश्व कप में अब तक अजेय रही है और उसने अपने चारों मुकाबले प्रभावशाली अंदाज में जीते हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों को संतुलित प्रदर्शन करना होगा। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने बड़े टूर्नामेंटों में ऑस्ट्रेलिया को कड़ी टक्कर दी है और यही आत्मविश्वास इस मुकाबले में भी निर्णायक साबित हो सकता है।

दूसरी ओर ग्रुप-बी से इंग्लैंड ने लगातार चार जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब दूसरे स्थान के लिए वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच कड़ी टक्कर जारी है। फिलहाल छह अंकों के साथ वेस्टइंडीज की टीम सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रही है, जबकि गत चैंपियन न्यूजीलैंड को भी अपने अंतिम मुकाबले पर काफी उम्मीदें होंगी।

महिला टी20 विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर है। भारतीय टीम के सामने सिर्फ सेमीफाइनल में पहुंचने का ही नहीं, बल्कि 2024 की कड़वी यादों को पीछे छोड़कर नए इतिहास की पटकथा लिखने का अवसर भी है। अब सबकी निगाहें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं, जो इस विश्व कप की सबसे बड़ी भिड़ंतों में से एक साबित हो सकता है।