IND vs AFG Live: दूसरे वनडे में रोहित शर्मा का तूफानी अंदाज, लेकिन अर्धशतक से पहले ही थमा हिटमैन का बल्ला

0
0

IND vs AFG Live: भारत और अफगानिस्तान के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज से फैंस का मनोरंजन किया। लंबे समय के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी कर रहे रोहित ने शुरुआत से ही अफगान गेंदबाजों पर दबाव बनाया और तेज रन बटोरे, लेकिन वह अपने अर्धशतक से चूक गए।

बताते चलें कि पिछले मैच में 16 रन के निजी स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट का शिकार होने वाले रोहित ने इस बार अपने बल्ले से जवाब दिया और अफगान गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम को शुरुआती झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा, जो केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन जुटाए।

रोहित ने 39 गेंदों में 48 रनों की आकर्षक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 शानदार छक्के निकले। लेकिन 14वें ओवर की पहली गेंद पर वे अफ़ग़ानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान के हाथों क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 123.08 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अफगान गेंदबाजों को खुलकर निशाना बनाया। हालांकि जब ऐसा लग रहा था कि हिटमैन एक बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे हैं, तभी उनका विकेट गिर गया और वह अर्धशतक तक नहीं पहुंच सके।

दूसरी ओर टीम के कप्तान शुभमन गिल भी शानदार लय में नजर आए। उन्होंने तेज गति से रन बनाते हुए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया। खबर लिखे जाने तक और रोहित के आउट होने तक गिल 42 रन बना चुके थे। शुरुआती झटके के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने सकारात्मक क्रिकेट खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का प्रयास किया।

रोहित की इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं। हालांकि फैंस को उम्मीद थी कि वह अपने इस अच्छे आगाज को बड़ी पारी में बदलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

15 ओवर की समाप्ति तक भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल शानदार लय में नजर आ रहे हैं और 35 गेंदों पर 45 रन बनाकर अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं, जबकि ईशान किशन 7 गेंदों में 3 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। शुरुआती दो झटकों के बाद दोनों बल्लेबाज पारी को संभालते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।