भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ सिनेमाघरों में लगातार दर्शकों का प्यार बटोर रही है। फिल्म ने सफलतापूर्वक अपने चौथे सप्ताह में प्रवेश कर लिया है। इसी बीच फिल्म की टीम ने हरिद्वार और ऋषिकेश का दौरा कर देश के प्रमुख संतों और आध्यात्मिक गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म के मुख्य अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता, अभिनेत्री संस्कृति जयाना और निर्माता साजन राज कुरूप इस विशेष आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा के दौरान टीम ने योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी तथा परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।

संतों और आध्यात्मिक गुरुओं ने फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और भारतीय संस्कृति, परंपरा तथा आध्यात्मिक विरासत को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। फिल्म की टीम ने भी इस मुलाकात को प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताया।
उत्तराखंड के देहरादून से संबंध रखने वाले अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता के लिए यह यात्रा विशेष भावनात्मक महत्व रखती थी। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि पर लौटकर उन्हें एक अलग ही आत्मिक शांति का अनुभव हुआ। सिद्धार्थ के अनुसार हरिद्वार में गंगा स्नान, गंगा आरती में सहभागिता और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके जीवन के यादगार पलों में शामिल हो गया है।

फिल्म की टीम ने इस दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन भी किए और फिल्म की निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की। कलाकारों ने इसे केवल एक प्रचार यात्रा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर बताया।
निर्माता साजन राज कुरूप ने कहा कि ‘कृष्णावतारम पार्ट 1 – द हार्ट’ जैसी विषयवस्तु वाली फिल्म के लिए संतों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म को मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक है।
फिल्म के चौथे सप्ताह में भी दर्शकों का उत्साह बरकरार है। निर्माताओं को उम्मीद है कि आध्यात्मिक संदेश और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी यह फिल्म आने वाले दिनों में भी दर्शकों के दिलों तक अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखेगी।









