UP Madarsa Board Result 2026: उत्तर प्रदेश में मदरसा शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा वर्ष 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार परीक्षा परिणाम उत्साहजनक रहा, जहां कुल 88.26 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। खास बात यह रही कि छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों से आगे निकलकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इस वर्ष मदरसा बोर्ड परीक्षा में कुल 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 63,211 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परिणाम के अनुसार 55,788 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की।
छात्राओं ने दिखाई बेहतर उपलब्धि
घोषित परिणामों में छात्राओं का प्रदर्शन सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा। परीक्षा में कुल 29,229 छात्राएं सफल रहीं और उनकी सफलता दर 94.30 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर 26,559 छात्र सफल हुए, जिनकी सफलता दर 85.13 प्रतिशत रही।
आंकड़े स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि मदरसा शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी और प्रदर्शन दोनों लगातार मजबूत हो रहे हैं।
सेकेंडरी परीक्षा में 41 हजार से अधिक परीक्षार्थी सफल
मुंशी-मौलवी यानी सेकेंडरी स्तर की परीक्षा में 62,232 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 47,036 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 41,426 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए।
इस स्तर पर कुल सफलता प्रतिशत 88.07 फीसदी रहा। यहां भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त कायम रखी। 21,407 छात्राएं 91.46 प्रतिशत सफलता दर के साथ उत्तीर्ण हुईं, जबकि 20,019 छात्र 84.72 प्रतिशत सफलता दर के साथ पास हुए।
आलिम परीक्षा में भी छात्राओं ने मारी बाजी
सीनियर सेकेंडरी यानी आलिम परीक्षा के परिणामों में भी छात्राओं का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। इस श्रेणी में 18,701 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 16,175 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
इनमें 14,362 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की और कुल परिणाम 88.79 प्रतिशत दर्ज किया गया।
इस परीक्षा में 7822 छात्राएं सफल हुईं, जिनकी सफलता दर 90.88 प्रतिशत रही। वहीं 6540 छात्र उत्तीर्ण हुए, जिनका सफलता प्रतिशत 86.42 दर्ज किया गया।
तकनीकी निगरानी के बीच हुई परीक्षा
मदरसा बोर्ड परीक्षा इस बार तकनीकी निगरानी और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की गई। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और उनकी निगरानी सीधे मुख्यालय स्तर से की गई।
सरकार का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाना रहा, जिसके तहत परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
सरकार ने शिक्षा सुधार पर दिया जोर
परिणाम जारी होने के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से कहा गया कि शिक्षा को आधुनिक तकनीक और बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
यहां देखें अपना रिजल्ट
मदरसा बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं अपना परिणाम मदरसा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://madarsaboard.upsdc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।








