T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की अपनी खास रेटिंग जारी की है। इस सूची में दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने भारत के स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स को टूर्नामेंट का सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी करार दिया।
पीटीआई की एक खबर के अनुसार, पोंटिंग ने जैक्स को 10 में से पूरे 10 अंक दिए और उन्हें अपनी रैंकिंग में पहले स्थान पर रखा। उनकी इस रेटिंग ने क्रिकेट जगत में काफी चर्चा पैदा कर दी, क्योंकि इस टूर्नामेंट में भारत के कई खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया था।
पोंटिंग की टॉप-5 सूची
रिकी पोंटिंग की रेटिंग के अनुसार खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार रही:
- विल जैक्स (इंग्लैंड) – 10/10
- संजू सैमसन (भारत) – 9.5/10
- जसप्रीत बुमराह (भारत) – 9.5/10
- टिम सीफर्ट (न्यूजीलैंड) – 9/10
- साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) – 8.5/10
इस सूची में भारत के दो खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन पोंटिंग के अनुसार टूर्नामेंट में ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण जैक्स सबसे ऊपर रहे।
विल जैक्स का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ा। उन्होंने कई मैचों में इंग्लैंड के लिए फिनिशर की भूमिका निभाई और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
जैक्स ने इस टी20 विश्व कप में 226 रन बनाए, जबकि उनका औसत 56.50 रहा। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक और तीन 30+ रनों की पारियां आई। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में 9 विकेट भी झटके। इस प्रदर्शन के साथ वे उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में 200 से अधिक रन और 9 से ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया।
टूर्नामेंट में कई रिकॉर्ड भी बनाए
जैक्स ने इस टूर्नामेंट में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। उन्होंने नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया।
इसके अलावा, उन्होंने चार बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी जीता। इटली के खिलाफ एक मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया। सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड की और से विल जैक्स ने ही सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया था – उन्होंने 35 रनों की तेज तर्रार पारी के साथ-साथ भारत के 2 विकेट भी चटकाए थे।
भारत की ओर से ऑलराउंडरों की इस प्रतिस्पर्धा में सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी हार्दिक पंड्या रहे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए 217 रन बनाए और 9 विकेट भी हासिल किए। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि इंग्लैंड सेमीफाइनल में भारत से हारकर बाहर हो गया था, और हार्दिक को ज्यादा मैच खेलने का मौका मिला। यही वजह हो सकती है कि रिकी पोंटिंग की रैंकिंग में विल जैक्स को शीर्ष स्थान दिया गया है।
आधिकारिक ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने सैमसन
हालांकि पोंटिंग की निजी रेटिंग में विल जैक्स पहले स्थान पर रहे, लेकिन आधिकारिक तौर पर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को मिला।
सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में 321 रन बनाए और नॉकआउट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले नॉकऑउट सुपर-8 मुकाबले में विंडीज के खिलाफ चीज करते हुए नाबाद 97 रन बनाए और फिर सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैचों में 89-89 रन की अहम पारियां खेलकर टीम इंडिया को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बुमराह की गेंदबाजी भी रही निर्णायक
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में दिखाई दिए। उन्होंने कई अहम मौकों पर विकेट लेकर विपक्षी टीमों पर दबाव बनाया और टूर्नामेंट में सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे। फाइनल (भारत बनाम न्यूजीलैंड) जैसे हाई प्रेशर मैच में चार विकेट लेने के साथ-साथ 17-19वां ओवर जिस तरह बुमराह ने डाला, शायद ही कोई ऐसा गेंदबाज आज हो जो इतनी सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी कर पाए।
कुल मिलाकर देखा जाए तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन रिकी पोंटिंग की नजर में ऑलराउंड प्रभाव के कारण विल जैक्स सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे।









