NZ vs SL ICC T20 World Cup 2026 Preview: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में ग्रुप-2 की तस्वीर अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। इंग्लैंड ने लगातार दो जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि अब सिर्फ एक ही स्थान शेष है। इस अंतिम टिकट के लिए न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच कड़ा संघर्ष चल रहा है। ऐसे में कोलंबो में खेला जाने वाला न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका मुकाबला सिर्फ दो टीमों के लिए नहीं, बल्कि पाकिस्तान के भविष्य के लिए भी बेहद अहम बन गया है।
ग्रुप-2 का पूरा गणित
इंग्लैंड 4 अंकों के साथ टॉप पर है। न्यूजीलैंड के खाते में एक अंक है, क्योंकि उसका पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं पाकिस्तान को इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते वह नेट रन रेट के आधार पर एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया है। श्रीलंका फिलहाल सबसे नीचे है और उसके लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है।
यदि श्रीलंका न्यूजीलैंड को हरा देता है, तो पाकिस्तान की उम्मीदें काफी हद तक जिंदा रह सकती हैं। वहीं अगर न्यूजीलैंड यह मैच बड़े अंतर से जीत लेता है, तो वह नेट रन रेट में पाकिस्तान से कई आगे निकल सकता है और सीधे सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर लेगा। यानी साफ है कि पाकिस्तान की किस्मत इस मैच के नतीजे से गहराई से जुड़ी हुई है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह मुकाबला एक फ्रेश पिच पर खेला जाएगा। हालांकि, कोलंबो की परिस्थितियों में बदलाव की संभावना कम है। स्पिन गेंदबाज एक बार फिर निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। बड़े मैदान के चलते बीच के ओवरों में रन निकालना चुनौतीपूर्ण रहेगा। मौसम की बात करें तो बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की कोई आशंका नहीं जताई गई है—जो सभी टीमों के लिए राहत की खबर है।
न्यूजीलैंड की रणनीति
न्यूजीलैंड के सभी 15 खिलाड़ी फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में कीवियों ने लेग स्पिनर ईश सोढ़ी को शामिल किया था, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी तेज गेंदबाजी की अगुवाई करते नजर आए थे। स्पिन के असर को देखते हुए न्यूजीलैंड इस संयोजन में बदलाव करने से बच सकता है।
श्रीलंका की उम्मीदें
श्रीलंका ने पिछले मैच में कुसल परेरा की जगह कामिल मिशारा को मौका दिया था और उम्मीद है कि वे उसी संयोजन के साथ उतरेंगे। कप्तान दासुन शनाका से एक बार फिर ऑलराउंड प्रदर्शन की अपेक्षा होगी, जबकि गेंदबाजी में थीक्षाना और मदुशंका की भूमिका अहम रहेगी।
न्यूजीलैंड की संभावित Playing XI:
टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन
श्रीलंका की संभावित Playing XI:
पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेलालागे, दुशन हेमंथा, दुश्मंथा चमीरा, महीश तीक्षाना, दिलशान मदुशंका
कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक जीत-हार का सवाल नहीं है, बल्कि सेमीफाइनल की राह तय करने वाला मैच है। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ-साथ पाकिस्तान की नजरें भी इसी मुकाबले पर टिकी होंगी। क्रिकेट प्रेमियों को यहां एक हाई-वोल्टेज, रणनीति से भरपूर मुकाबला देखने को मिल सकता है।









