IND vs NZ ODI New Zealand Innings: वडोदरा में खेले जा रहे भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में कीवी टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाज़ी करते हुए पूरे 50 ओवर में 300/8 का स्कोर खड़ा किया। टॉस जीतकर कप्तान शुभमन गिल के गेंदबाज़ी चुनने के फैसले के बाद भारतीय पेस अटैक ने शुरुआत से दबाव बनाया, हालांकि बीच के ओवरों में डेरिल मिचेल की आक्रामक पारी ने मेहमान टीम को संभाला। अंत में छोटे-छोटे कैमियो के दम पर न्यूजीलैंड सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
न्यूजीलैंड की पारी की नींव सलामी जोड़ी ने रखी। डेवॉन कॉनवे (56) और हेनरी निकोल्स (62) ने अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए शुरुआती ओवरों में टीम को स्थिरता दी। हालांकि यंग पेसर हर्षित राणा ने दोनों सेट बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजकर भारत को अहम ब्रेकथ्रू दिलाए। इसके बाद विल यंग जल्दी आउट हो गए और स्कोर पर ब्रेक लग गया।
मिडिल ऑर्डर में जिम्मेदारी संभालते हुए डेरिल मिचेल ने 71 गेंदों पर 84 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। पांच चौके और तीन छक्कों से सजी इस पारी ने न्यूजीलैंड को 200 के पार पहुंचाया। उनके साथ ग्लेन फिलिप्स (12) और विकेटकीपर मिचेल हे (18) ने छोटे लेकिन उपयोगी योगदान दिए। कप्तान माइकल ब्रेसवेल रन-आउट होकर लौटे, जबकि निचले क्रम में क्रिस्टियन क्लार्क (24*), काइल जैमिसन (8*) ने डेथ ओवरों में रन जोड़कर स्कोर को 300 तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाज़ी की बात करें तो लंबे समय बाद वनडे खेल रहे मोहम्मद सिराज ने ‘मियां मैजिक’ बिखेरा। सिराज ने 8 ओवर में 40 रन देकर 2 विकेट झटके और करीब 5 की इकॉनमी से रन फ्लो रोके रखा—उनका सबसे बड़ा शिकार सेट हो चुके डेरिल मिचेल रहे। प्रसिद्ध कृष्णा ने शुरुआती स्पेल में धार दिखाई (2 विकेट), लेकिन डेथ ओवरों में उन्हें मार पड़ी। हर्षित राणा ने भी 2 विकेट लेकर नई गेंद से असर डाला। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को एक सफलता मिली, पर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर अपेक्षित नियंत्रण नहीं दिखा सके और 6 से ऊपर की इकॉनमी से रन खर्च हुए।
कुल मिलाकर भारत ने कीवियों को 300 के पार जाने से तो रोका, लेकिन जीत के लिए अब 301 रनों का लक्ष्य सामने है। रन-चेज़ में रोहित शर्मा और शुभमन गिल से मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी। उसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की चेज़िंग पावर पर सबकी निगाहें रहेंगी—क्योंकि यहां से मुकाबले का रुख तय होगा।
पहले वनडे के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव
न्यूजीलैंड:
मिचेल ब्रेसवैल (कप्तान), आदि अशोक, क्रिस्टियन क्लार्क, डेवॉन कॉनवे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, मिच हे, कायले जैमिस, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोलस, ग्लेन फिलिप्स, विल यंग









