नीतीश कुमार आज संभालेंगे सरकार की कमान, 14 जनवरी के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

0
0
नीतीश कुमार आज संभालेंगे सरकार की कमान, 14 जनवरी के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार
नीतीश कुमार आज संभालेंगे सरकार की कमान, 14 जनवरी के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण दौरान कुछ मंत्री पद खाली छोड़े जा रहे हैं, जिनका विस्तार बाद में होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रिमंडल का विस्तार अगले साल मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी के बाद किया जाएगा।

आज, 20 नवंबर 2025, जनता दल (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनके साथ करीब 19 विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे। अमित शाह और जे.पी. नड्डा पहले ही पटना पहुंच चुके हैं।
बुधवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

मंत्रिमंडल में बीजेपी और जेडीयू के अलावा गठबंधन के अन्य दलों को भी प्रतिनिधित्व देने की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक, गठबंधन में तय फार्मूले के अनुसार हर छह विधायकों पर एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।

छोटे सहयोगी दलों को भी मिल सकती है जगह
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को तीन मंत्री पद मिलने की चर्चाएँ हैं। बाकी पद बीजेपी और जेडीयू के बीच बांटे जाएंगे।

सूत्रों का कहना है कि आज शपथ लेने वालों में बीजेपी और जेडीयू के आठ-आठ विधायक शामिल रह सकते हैं, जबकि RLM, HAM (से), और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।

तीन लाख से अधिक लोगों की भीड़ की उम्मीद
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। गांधी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में तीन लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना है।