आधार कार्ड आज हर भारतीय के लिए सबसे जरूरी पहचान दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग से जुड़े कामकाज हों, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो या फिर किसी भी आधिकारिक प्रक्रिया, आधार लगभग हर जगह अनिवार्य हो गया है। लेकिन अक्सर इसमें दर्ज कुछ जानकारियां गलत हो जाती हैं या समय के साथ बदलने की जरूरत पड़ती है—जैसे नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर। आमतौर पर लोग मानते हैं कि हर बदलाव के लिए अलग-अलग अपॉइंटमेंट लेना होगा और हर बार शुल्क भी देना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों का खर्च बढ़ जाता है। लेकिन असल में ऐसा नहीं है। अगर आपको आधार में एक साथ कई जानकारी अपडेट करनी है, तो इसके लिए एक सरल और किफायती तरीका मौजूद है।
ऐसे करें एक साथ अपडेट
- UIDAI आधार अपडेट करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराता है।
- नाम और पता जैसी बेसिक जानकारियां आप आसानी से ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर सुधार सकते हैं।
- वहीं, जन्मतिथि, फोटो या बायोमेट्रिक जानकारी बदलने के लिए आपको आधार सेवा केंद्र जाना जरूरी है।
- सेवा केंद्र में फॉर्म भरकर आप एक ही बार में जितनी भी जानकारी अपडेट करनी है, करवा सकते हैं। इससे बार-बार केंद्र जाने की परेशानी नहीं होती।
फीस और समय की बचत
- UIDAI के नियमों के अनुसार, आधार अपडेट कराने के लिए प्रति बदलाव 50 रुपये का शुल्क तय है। लेकिन अगर आप एक ही अपॉइंटमेंट में कई जानकारी अपडेट करवाते हैं, तो फीस सिर्फ एक बार ही ली जाती है। यानी चाहे आप तीन बदलाव करें या चार—पचास रुपये एकमुश्त देने होंगे।
- इस तरह यह प्रक्रिया समय और पैसे दोनों की बचत करती है। जरूरी दस्तावेजों के साथ आधार सेवा केंद्र पहुंचने पर अधिकारी उसी दिन प्रक्रिया पूरी कर देते हैं।
- अक्सर लोग जानकारी के अभाव में छोटे-छोटे सुधारों के लिए कई बार जाते रहते हैं। जबकि सही तरीका अपनाने से यह काम न सिर्फ आसान बल्कि काफी किफायती भी साबित होता है।