BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज, अंतिम मुहर का इंतजार

0
8
BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज
BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चलते भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए अध्यक्ष की घोषणा कुछ समय के लिए टल गई है। हालांकि, पार्टी संगठन के चुनावों की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो अब केवल शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी का इंतजार है।

पार्टी ने अब तक 14 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे कर लिए हैं, जबकि 13 अन्य राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के नाम तय हो चुके हैं। BJP के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले कम से कम 18 राज्यों में संगठन चुनाव कराना अनिवार्य है। फिलहाल बाकी राज्यों में यह प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। महाराष्ट्र, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में भी अगले 15 से 20 दिनों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति संभावित है।

संगठन की रफ्तार बरकरार

नए अध्यक्ष के नाम को लेकर अनिश्चितता के बावजूद, पार्टी के संगठनात्मक कार्य पूरी गति से चल रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक में BJP द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई।

स्थापना दिवस के अवसर पर “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान के तहत पार्टी ने देशभर के करीब 2.5 लाख गांवों के छह लाख से अधिक बूथों तक पहुंच बनाई। इस दौरान 7800 से ज्यादा सम्मेलन भी आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी के सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया।

इसके अलावा BJP ने अंबेडकर जयंती पर भी देशव्यापी कार्यक्रमों का आयोजन किया। साथ ही, वक्फ कानून और ‘एक देश एक चुनाव’ जैसे मुद्दों पर जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है। कल की बैठक में इन सभी अभियानों की समीक्षा की गई और उनकी प्रगति पर संतोष जताया गया।