केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह और कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी।
पीएम मोदी ने भारत रत्न देने की घोषणा करते हुए कहा- यह हमारा सौभाग्य है कि एमएस स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारतीय कृषि को बदल दिया है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय के दौरान भारत को कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्होंने भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए।
अपनी अगली पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा- हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।
अपनी अगली पोस्ट में पीएम मोदी ने नरसिम्हा राव के सम्मान की घोषणा के साथ लिखा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पूर्व प्रधान मंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के रूप में नरसिम्हा राव एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में विभिन्न क्षमताओं में और बड़े पैमाने पर भारत की सेवा की। पीएम ने लिखा कि उनके कार्यकाल में भारत को वैश्विक बाजारों के लिए खोल दिया गया था जिससे आर्थिक विकास के रूप में एक नए युग को बढ़ावा मिला।