मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू कुमारी सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर कंकड़बाग स्थित मंजू कुमारी सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गाँव कल्याण बिगहा (हरनौत) स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे, जहां उन्होंने पुनः अपनी धर्मपत्नी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
माता-पिता की प्रतिमाओं पर भी दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी और पिता कविराज स्व. रामलखन सिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ उनके सुपुत्र निशांत कुमार, बड़े भाई सतीश कुमार एवं परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। सभी ने सामूहिक रूप से दिवंगत स्वजन की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राज्य की सुख-शांति के लिए की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पैतृक गाँव कल्याण बिगहा के देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव, पूर्व विधायक ई. सुनील, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा और पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।