टी20 वर्ल्ड कप (ICC Men’s T20 World Cup 2026) की शुरुआत (7 फरवरी) से ठीक पहले भारतीय टीम (India national cricket team) को करारा झटका लगा है। तेज गेंदबाज या कहें बोलिंग ऑलराउंडर हर्षित रणा (Harshit Rana) चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले में दाहिने घुटने पर लगी, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी। नतीजतन, टीम मैनेजमेंट को आखिरी समय में स्क्वाड में बदलाव करना पड़ा।
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में खेलेगी। ऐसे में गेंदबाजी संयोजन को लेकर तैयारी अंतिम चरण में थी, लेकिन हर्षित राणा की चोट ने समीकरण बदल दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयनकर्ताओं ने अनुभव को तरजीह देते हुए मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल करने का फैसला किया है। आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
चोट ने बदली रणनीति
हर्षित राणा हाल के महीनों में अपनी गति और हिट-द-डेक लेंथ के कारण टीम प्लान का अहम हिस्सा थे। नई गेंद से आक्रामक स्पेल और डेथ ओवर्स में उनकी उपयोगिता को देखते हुए उन्हें मुख्य स्क्वाड में रखा गया था। हालांकि, घुटने की चोट के बाद टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले उन्हें जोखिम में डालना संभव नहीं था। टीम प्रबंधन ने एहतियातन उन्हें बाहर रखने का निर्णय लिया।
सिराज की वापसी से बढ़ा अनुभव
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद यानी करीब 18 महीने बाद मोहम्मद सिराज की वापसी से भारतीय तेज आक्रमण को अनुभव और निरंतरता मिलेगी। पावरप्ले में स्विंग और मिडिल ओवर्स में अनुशासित लाइन-लेंथ सिराज की पहचान रही है। बड़े टूर्नामेंट्स का अनुभव और दबाव में गेंदबाजी करने की क्षमता उन्हें अहम विकल्प बनाती है—खासतौर पर तब, जब शुरुआती मैच घरेलू परिस्थितियों में हो। जसप्रीत बुमराह के अलावा अब सिराज ही एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो तीनों फॉर्मेट (वनडे, टेस्ट और टी20) में खेलेंगे।
कप्तानी और संतुलन पर असर नहीं
कप्तान सूर्या (Suryakumar Yadav) की अगुआई में टीम संतुलित नजर आती है। बल्लेबाजी में गहराई और स्पिन विभाग में विविधता बरकरार है, जबकि तेज गेंदबाजी में अब सिराज के आने से जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ मजबूत त्रिकोण बनता है। साथ ही हार्दिक पंड्या की रफ़्तार का साथ मिलेगा। टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि यह बदलाव शुरुआती मुकाबलों में स्थिरता देगा।
टीम इंडिया स्क्वाड (Updated Team India Squad)
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह









