UP Budget Session 2026: उत्तर प्रदेश की राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिहाज से अहम माने जाने वाला विधानसभा का बजट सत्र कल यानी 9 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। सत्र की औपचारिक शुरुआत से पहले आज सत्तारूढ़ गठबंधन की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में शाम 5:30 बजे होगी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) करेंगे।
बजट सत्र के दौरान 11 फरवरी को राज्य सरकार अपना वार्षिक बजट पेश करेगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार इस बार उत्तर प्रदेश के बजट का आकार करीब 9 लाख करोड़ रुपये के आसपास रहने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो यह प्रदेश के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा। सरकार का दावा है कि यह बजट विकास को गति देने के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन को भी बनाए रखने पर केंद्रित रहेगा।
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता इस बार भी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की रहेगी। सड़क, पुल, एक्सप्रेसवे, शहरी विकास और कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए बजट में बड़ी राशि का प्रावधान किया जा सकता है। माना जा रहा है कि कुल बजट का लगभग एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर खर्च किया जाएगा, ताकि राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके।
पिछले वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश सरकार ने करीब 8.08 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो उससे पहले के साल की तुलना में लगभग 9.8 प्रतिशत अधिक था। इस बार सरकार इससे भी बड़ा बजट लाने की तैयारी में है। बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन, किसानों की आय बढ़ाने और गरीब व जरूरतमंद वर्गों के लिए चल रही योजनाओं को आगे बढ़ाने पर खास जोर दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक क्षेत्रों को भी बजट में अहम स्थान मिलेगा। अनुमान है कि करीब 15 प्रतिशत राशि शिक्षा पर, 12 प्रतिशत कृषि क्षेत्र पर और लगभग 8 प्रतिशत स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च की जा सकती है। इसके अलावा आवास, खाद्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए भी पर्याप्त फंड आवंटित किए जाने की संभावना है। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस आधुनिकीकरण और सुरक्षा से जुड़े प्रावधान भी बजट का हिस्सा हो सकते हैं।
एनडीए विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री योगी विधायकों को सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराएंगे और सत्र के दौरान एकजुट होकर सरकार का पक्ष रखने का निर्देश देंगे।









