पहलगाम हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को कांग्रेस का समर्थन, कटिहार में तिरंगा यात्रा निकालकर सेना को दी सलामी

0
11

Bihar Congress News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और भारतीय सेना के साहस को सलाम करने के उद्देश्य से कटिहार जिला कांग्रेस की ओर से शनिवार को एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य सेना का मनोबल बढ़ाना और देशवासियों को एकजुटता का संदेश देना था।

इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व कटिहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने किया। यह यात्रा कचहरी चौक से अमर जवान चौक तक निकाली गई, जिसमें कांग्रेस के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

‘भारतीय सेना पर गर्व है’ – कांग्रेस जिलाध्यक्ष

मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा, “हमारे देश का मस्तक विश्व में ऊंचा बनाए रखने के लिए भारतीय सेना पर हमें गर्व है। पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या का बदला लेने के लिए सैनिकों ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को जिस तरह ध्वस्त किया है, वह अनुकरणीय है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह तिरंगा यात्रा ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले सैन्य बलों को सम्मान और समर्थन देने का प्रतीक है।

उत्साह और एकजुटता का माहौल

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आपमूर्ति यादव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सिंह ने भी इस मौके पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि लोगों में उत्साह का वातावरण है और सेना के पराक्रम को लेकर पूरा क्षेत्र गर्वित महसूस कर रहा है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व विधायक सुनीता देवी, संगीता सिंह, संजय कुमार सिंह, पंकज तंबाखू वाला, राजेश रंजन मिश्रा, मनी पासवान, इसराइल आलम, मो. मुस्ताक, प्रो. बिनेद यादव, राजीव चौधरी, सिमरनजीत सिंह, राज आनन्द सिंह, नरेंद्र मुनि बाबा, निखिल कुमार, सिन्दूर मंडल, और अल्तमश दीवान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे।