कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को स्वास्थ्य में अचानक गिरावट के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मंगलवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उनकी सेहत ठीक नहीं चल रही थी, इसी कारण डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने का फैसला किया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी को सीने से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की एक टीम लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि अब तक न तो कांग्रेस पार्टी और न ही अस्पताल प्रशासन की ओर से उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
प्रदूषण से बढ़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी
बताया जा रहा है कि दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण का असर सोनिया गांधी की सेहत पर पड़ा है। वह लंबे समय से खांसी की समस्या से जूझ रही हैं और इसी वजह से उन्हें नियमित रूप से जांच के लिए अस्पताल जाना पड़ता है। 9 दिसंबर 2025 को सोनिया गांधी 79 वर्ष की हो चुकी हैं।
लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं का सामना
सोनिया गांधी बीते कई वर्षों से अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से गुजर रही हैं। समय-समय पर वे इलाज और मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती होती रही हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उनकी सेहत में सुधार के बाद ही आगे की स्थिति को लेकर जानकारी सामने आएगी।
पहले भी हो चुकी है अस्पताल में भर्ती
इससे पहले 15 जून 2025 को पेट से जुड़ी परेशानी के चलते सोनिया गांधी को सर गंगाराम अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां वे तीन से चार दिन तक भर्ती रहीं। वहीं 7 जून को भी शिमला में छुट्टियां बिताने के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उस समय वे प्रियंका गांधी के साथ थीं और स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण अगले दिन दिल्ली लौट आई थीं। इसके बाद 9 जून को उन्होंने सर गंगाराम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई थी।









