पटना में शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर बड़ा बवाल हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ।
बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस दफ्तर से उन पर पत्थर फेंके गए, वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की कोशिश की।
नितिन नबीन की चेतावनी
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने कांग्रेस को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा— “आपने मां और प्रधानमंत्री का अपमान किया है। इसका जवाब हर भाजपा कार्यकर्ता देगा। हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आए थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय से ईंट-पत्थर बरसाए गए। भाजपा के कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं।”
बीजेपी नेताओं का आरोप: कई कार्यकर्ता घायल
बीजेपी विधायक अरुण कुमार ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पथराव में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं और कई के सिर फूटे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. आशुतोष ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में सरकार की संलिप्तता है। उन्होंने कहा— “नीतीश कुमार इस तरह का माहौल बनवा रहे हैं। हम इसका करारा जवाब देंगे।” कांग्रेसियों ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और सड़क पर प्रदर्शन किया।
भारी पुलिस बल की तैनाती
तनाव बढ़ने पर घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और सीनियर अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए वाटर कैनन की गाड़ी भी मंगवाई। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही एफआईआर दर्ज होगी।
पीएम मोदी को गाली देने वाला गिरफ्तार
इसी बीच, दरभंगा से बड़ी खबर आई है। प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द कहने वाले रफीक उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि यह मामला कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद की रैली से जुड़ा है, जिसमें बुधवार को विवादित टिप्पणी की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को उसे दबोच लिया।