Pahalgam Terror Attack : ‘भारत में पाकिस्तानी नागरिकों की शादियों की गहन जांच की जरूरत’, निशिकांत दुबे ने दिया बड़ा बयान

0
5

Pahalgam Terror Attack: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सरकार ने सिंधु जल संधि को रद्द करने और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा निरस्त करने जैसे बड़े निर्णय लेकर सख्त संदेश दिया है। इसी कड़ी में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वीजा रद्दीकरण की प्रक्रिया के दौरान दो तरह के वीजा सामने आए हैं, जिनकी गहन जांच जरूरी है। दुबे ने उन पाकिस्तानी लड़कियों और पुरुषों का विशेष रूप से उल्लेख किया जो भारत में शादी कर लंबे समय से रह रहे हैं।

विवाह के पीछे मकसद जानना जरूरी: दुबे

निशिकांत दुबे ने सवाल उठाते हुए कहा कि कई पाकिस्तानी लड़कियां भारत में शादी कर रही हैं, लेकिन वे भारतीय नागरिकता नहीं प्राप्त कर सकतीं। इसी तरह, पाकिस्तानी पुरुषों ने भी भारत में शादियां की हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा,
“इन शादियों के पीछे वास्तविक मकसद क्या है, इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। क्या दोनों देशों के भीतर अपने-अपने समुदायों में विवाह के अवसर उपलब्ध नहीं हैं?”

शत्रु संपत्ति अधिनियम का हवाला

भाजपा सांसद ने 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग पाकिस्तान चले गए थे, उनकी संपत्तियां भारत सरकार ने शत्रु संपत्ति अधिनियम के तहत जब्त कर ली थीं।
उन्होंने पूछा, “जब पाकिस्तान चले गए भारतीयों की संपत्ति जब्त कर ली गई थी, तो क्या आज जो लोग अपनी बेटियों की शादी पाकिस्तान में कर रहे हैं या जो पाकिस्तान से भारत में शादियां कर रहे हैं, उन्हें देश का मित्र माना जा सकता है?”

उन्होंने इस तरह के मामलों को राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

सरकार के सख्त कदमों की मांग

निशिकांत दुबे के बयान से यह संकेत मिलता है कि भारत सरकार आने वाले दिनों में पाकिस्तानी नागरिकों से जुड़े मामलों में और सख्ती कर सकती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे मामलों की पूरी जांच होनी चाहिए और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।