पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा से पेंशन के लिए किया आवेदन

0
3
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा से पेंशन के लिए किया आवेदन
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राजस्थान विधानसभा से पेंशन के लिए किया आवेदन

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में पेंशन के लिए आवेदन किया है। धनखड़ वर्ष 1993 में कांग्रेस के टिकट पर किशनगढ़ से विधायक चुने गए थे। विधानसभा नियमों के अनुसार, 74 वर्षीय धनखड़ को लगभग 42 हजार रुपये मासिक पेंशन का अधिकार मिलेगा। राजस्थान में सांसद और विधायक दोनों पदों पर रहने वाले नेताओं को अलग-अलग पेंशन लेने का प्रावधान है। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अब तक उनके आवेदन पर औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।

धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए थे। अब उपराष्ट्रपति पद के लिए नए चुनाव 9 सितंबर को होने वाले हैं। इस दौड़ में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन एनडीए उम्मीदवार हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। दरअसल, उपराष्ट्रपति के रूप में धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक होना था।

स्वास्थ्य सुधार और निजी जीवन पर ध्यान

पद छोड़ने के बाद धनखड़ फिलहाल अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। वे योगाभ्यास और टेबल टेनिस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए हुए हैं। अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति बनने से पहले, जब वे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब उन्होंने शौकिया तौर पर टेबल टेनिस खेलना शुरू किया था। उनके करीबी बताते हैं कि यात्रा से लौटने के बाद भी वह अपने स्टाफ और शुभचिंतकों के साथ टेबल टेनिस खेलना नहीं भूलते थे।