भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को गांधी परिवार के खिलाफ जोरदार हमला बोला। प्रवक्ता गौरव भाटिया और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गुरुग्राम में हुए भूमि घोटाले और नेशनल हेराल्ड केस को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर तीखे आरोप लगाए। भाटिया ने कहा कि “गांधी परिवार पारंपरिक रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त रहा है और इसे बार-बार साबित किया गया है।”
रॉबर्ट वाड्रा पर गंभीर आरोप
गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा को ‘भूमि माफिया’ बताते हुए कहा कि वे किसानों की जमीनें हड़पने में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड घोटाले में सीधे तौर पर संलिप्त बताते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर वीवीआईपी हेलिकॉप्टर डील और दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाले में शामिल होने के आरोप लगाए।
उन्होंने सवाल किया, “क्या इस परिवार ने यह तय कर लिया है कि जहां भी जाएंगे, वहां किसानों और देश की जमीनें हड़पनी हैं?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नजर में भले ही रॉबर्ट वाड्रा एक नेता हों, लेकिन जनता उन्हें एक भ्रष्ट और भू-माफिया के तौर पर देखती है।
शिकोहपुर भूमि विवाद पर भी उठाए सवाल
नेशनल ब्यूरो के अनुसार, भाटिया ने हरियाणा के शिकोहपुर भूमि सौदे को लेकर गांधी परिवार और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि सोनिया, राहुल और प्रियंका इस पर चुप्पी तोड़ें। यदि किसानों की जमीन जबरन छीनी गई है, तो उसे वापस दिलाया जाएगा और जनता की मेहनत की कमाई को हर हाल में वसूल किया जाएगा।
उन्होंने इस सौदे को संदिग्ध बताते हुए कहा कि इसमें महज चार महीने में 700 प्रतिशत तक का लाभ हुआ, और जब एक अधिकारी ने इसकी वैधता पर सवाल उठाया तो उस पर ही कार्रवाई कर दी गई।
भ्रष्टाचार नहीं, डकैती का आरोप: पात्रा
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने नेशनल हेराल्ड घोटाले पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि सीधा-सीधा डकैती का है। उन्होंने गांधी परिवार को “मॉडर्न डकैत” बताया और कहा कि जो लोग गरीबों को लूटते हैं, उन्हें जेल भेजना ही होगा।
अनुराग ठाकुर और हरदीप पुरी का हमला
भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने नेशनल हेराल्ड को अपनी कमाई का जरिया बना लिया था। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में भी उस पत्र को करोड़ों के सरकारी विज्ञापन मिले, जिसका राज्य से कोई लेना-देना ही नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह धन गया कहां?
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कांग्रेस पर अपने कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस भवन में कथित तौर पर प्रेस चलनी थी, वहां कभी भी प्रिंटिंग का कोई काम नहीं हुआ। यह संपत्ति निजी और व्यावसायिक उपयोग में लाई गई, जिससे देश और कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया गया।
कांग्रेस का पलटवार: ईडी का दुरुपयोग
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि मोदी सरकार यह सब राजनीतिक बदले की भावना से कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि ईडी के जरिए पुराने मामलों को फिर से उठाकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस ने कहा कि यह केस 2012-13 में शुरू हुआ था, तब केंद्र में भाजपा नहीं थी, इसलिए मौजूदा सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए।