राम दरबार की प्रथम झलक आई सामने, अयोध्या राम मंदिर में संपन्न हुई प्राण प्रतिष्ठा

0
3
राम दरबार की प्रथम झलक आई सामने
राम दरबार की प्रथम झलक आई सामने

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में गुरुवार, 5 जून को एक ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। मंदिर की पहली मंजिल पर राम दरबार सहित परिसर के सात अन्य मंदिरों में विधिपूर्वक प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस शुभ अवसर पर राम दरबार की पहली तस्वीर भी सार्वजनिक की गई, जिसमें प्रभु श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण और भक्त हनुमान की भव्य प्रतिमाएं स्थापित दिखाई दीं।

प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। उन्होंने पूजा-अर्चना कर विधिवत अनुष्ठान की शुरुआत की। बताया गया कि इस प्रतिष्ठा में 101 वैदिक आचार्यों ने शास्त्रोक्त विधियों का पालन किया।

इस अवसर पर राम मंदिर को दिव्य रोशनी और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार की तस्वीर साझा करते हुए एक मंत्र भी पोस्ट किया —
“दक्षिणे लक्ष्मणो यस्य वामे च जनकात्मजा। पुरतो मारुतिर्यस्य तं वन्दे रघुनन्दनम्॥” (जिसके दाईं ओर लक्ष्मण, बाईं ओर माता सीता और सामने हनुमान हैं — ऐसे रघुवंश नंदन श्रीराम को नमन।)

चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

इस आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। मंदिर परिसर की निगरानी आधुनिक उपकरणों और कैमरों से की जा रही है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे व निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने तैयारियों का जायजा लिया।

एसपी सुरक्षा ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा अभेद्य है। मंदिर क्षेत्र में एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस की विशेष टीमें तैनात हैं। मंदिर परिसर में एक सुसज्जित पंडाल भी बनाया गया है जहाँ वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न किए गए। महंत मिथिलेश नंदिनी शरण ने इसे एक गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि एक सन्यासी मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आध्यात्मिक चेतना को पुनः जाग्रत किया है।