By: सर्वजीत सोनी | Edited By: उमेश चंद्र
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) मुंबई ने ड्रग नेटवर्क की अवैध आर्थिक सप्लाई को खत्म करने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात ड्रग तस्कर की ₹4,11,89,654/- मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज़ कर दिया है। यह आदेश SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Act & NDPS Act) द्वारा पुष्टि किया गया है।
1 मार्च 2025 को NCB के पास मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, पुणे जिले के दाऊद के पास पाटस टोल प्लाज़ा पर एक स्विफ्ट डिज़ायर कार को रोका गया। कार में बनी विशेष कैविटी से 53 किलो गांजा बरामद किया गया। यह खेप अराकू वैली (आंध्र प्रदेश) से थाणे-पुणे क्षेत्र में सप्लाई की जा रही थी।
एनसीबी की जांच में सामने आया किंगपिन
जांच में पता चला कि इस इंटर-स्टेट ड्रग नेटवर्क का संचालन सुनील नागेश भंडारी (बदलापुर , महाराष्ट्र) कर रहा था। भंडारी लंबे समय से AOB रीजन से गांजा मंगाकर थाणे और आसपास के ज़िलों में सप्लाई करता था।
4.11 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
NCB द्वारा की गई गहन फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन में पता चला कि ड्रग पैसों से खरीदी गई कई संपत्तियाँ उसके नाम पर हैं, जिनमें शामिल हैं:
2 अचल संपत्तियाँ
2 वाहन (1 बाइक व 1 चारपहिया वाहन)
कई बैंक अकाउंट
सभी की कुल कीमत ₹4,11,89,654/- है। NCB द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को जारी फ्रीज़िंग ऑर्डर को SAFEMA ने 26 नवंबर 2025 को कन्फर्म किया।
भंडारी है आदतन अपराधी — 9 केस दर्ज
NCB के मुताबिक सुनील भंडारी एक हैबिचुअल ऑफेंडर है। उसके खिलाफ: 06 IPC केस ,03 NDPS केस (2 NCB मुंबई, 1 बादलपुर पुलिस थाने) में दर्ज हैं। फिलहाल वह फरार है।
NCB ने जारी किया इनाम
NCB मुंबई ने उसके फोटो स्थानीय इलाकों में चिपकाए हैं और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर ₹1 लाख तक का इनाम घोषित किया है।
नागरिकों से अपील
NCB ने ड्रग तस्करी के खिलाफ लड़ाई में लोगों से सहयोग की अपील की है। नशीली दवाओं की बिक्री या तस्करी से जुड़ी जानकारी गुमनाम रूप से यहाँ दी जा सकती है: नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन (टोल-फ़्री): 1933









