आज रात न छूटे मौका: आसमान में चमकेगा साल 2025 का अंतिम ‘कोल्ड सुपर मून’

0
0
आज रात न छूटे मौका: आसमान में चमकेगा साल 2025 का अंतिम ‘कोल्ड सुपर मून’
आज रात न छूटे मौका: आसमान में चमकेगा साल 2025 का अंतिम ‘कोल्ड सुपर मून’

दिसंबर का महीना खगोल विज्ञान प्रेमियों के लिए बेहद खास साबित होने वाला है। साल के अंत में आकाश एक बार फिर शानदार दृश्य प्रस्तुत करेगा। आज, 4 दिसंबर की रात, इस वर्ष का आखिरी सुपर मून (Super Moon 2025) दिखाई देगा, जिसे देखने का यह अंतिम अवसर होगा।

शाम होते ही पूर्व दिशा में चंद्रमा उदित होगा और आधी रात तक अपनी ऊंचाई के चरम पर पहुंच जाएगा। सुबह की पहली रोशनी पड़ते-पड़ते यह पश्चिम दिशा में डूब जाएगा।

कैसा होगा यह सुपर मून?

जवाहर तारामंडल की वैज्ञानिक सुरूर फ़ातिमा के अनुसार, इस बार दिखाई देने वाला सुपर मून ‘कोल्ड सुपर मून’ कहलाता है। यह 2025 में दिखाई देने वाले चार सुपर मून की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम पूर्ण चंद्रमा है। इस सीरिज का चौथा सुपर मून अब जनवरी 2026 में दिखाई पड़ेगा।

इस कोल्ड सुपर मून की मुख्य खासियत इसका रंग और आकार होगा। धरती के बेहद करीब होने के कारण यह नारंगी आभा के साथ दिखाई देगा। इसकी दूरी पृथ्वी से लगभग 3,57,000 किलोमीटर रहेगी। इतना नजदीक आने से यह सामान्य पूर्णिमा के चंद्रमा की तुलना में करीब 10% बड़ा और 30% अधिक चमकीला नजर आएगा। इसे ‘लॉन्ग नाइट मून’ और ‘मून बिफोर यूल’ के नाम से भी जाना जाता है।

दिसंबर में और क्या-क्या दिखेगा आसमान में?

  • सिर्फ सुपर मून ही नहीं, दिसंबर में कई और रोचक खगोलीय घटनाएं होने वाली हैं।
  • 21 दिसंबर को साल की सबसे लम्बी रात पड़ेगी, जो सर्दियों के चरम का संकेत है।
  • पूरा महीना चंद्रमा विभिन्न ग्रहों के पास से गुजरेगा।
  • 7 दिसंबर को यह बृहस्पति के करीब होगा।
  • 18 दिसंबर को बुध के पास दिखेगा।
  • 19 दिसंबर को शुक्र के निकट आएगा।
  • 27 दिसंबर को शनि के करीब दिखाई देगा।
  • सुरूर फ़ातिमा ने यह भी बताया कि फिलहाल सूर्य भुजंगधारी राशि में स्थित है और 19 दिसंबर को धनु राशि में प्रवेश करेगा।
  • आज का कोल्ड सुपर मून आसमान प्रेमियों के लिए एक अनूठा उपहार है। प्रकृति की इस दुर्लभ घटना का आनंद लेने के लिए रात का यह नजारा बिल्कुल भी मिस न करें।