भारत ही नहीं, इस देश में भी जमकर खेली जाती है होली! पूरे आठ दिन तक चलता है रंगों का उत्सव

0
11
भारत ही नहीं, इस देश में भी जमकर खेली जाती है होली
भारत ही नहीं, इस देश में भी जमकर खेली जाती है होली

रंगों का त्योहार होली नजदीक आ रहा है और हर कोई इसकी तैयारियों में जुटा हुआ है। इस दिन लोग गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंगों में रंगते हैं और खुशियां मनाते हैं। 13 मार्च को पूरे देश में होलिका दहन किया जाएगा और 14 मार्च को रंगों की बौछार के साथ होली खेली जाएगी। भारत में तो यह त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, खासकर मथुरा, वृंदावन और बरसाना की होली पूरी दुनिया में मशहूर है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के अलावा भी एक देश ऐसा है जहां होली को बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है? आइए जानते हैं इसके बारे में।

नेपाल में भी धूमधाम से मनती है होली

नेपाल एक ऐसा देश है जहां होली को भारत की तरह ही खास अंदाज में मनाया जाता है, लेकिन यहां इसकी परंपराएं थोड़ी अलग हैं। होली की शुरुआत एक खास समारोह से होती है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर “चीर” (बांस की लंबी छड़ी) को खड़ा किया जाता है। इस चीर में रंग-बिरंगे कपड़े बांधे जाते हैं, जो भगवान श्रीकृष्ण द्वारा ग्वाल-बालाओं के कपड़े चुराने और उन्हें पेड़ पर लटकाने की कथा का प्रतीक माने जाते हैं। यही चीर नेपाल में होली के आधिकारिक शुभारंभ का संकेत होता है।

नेपाल में आठ दिनों तक चलता है होली महोत्सव

नेपाल में होली केवल एक दिन की नहीं, बल्कि पूरे आठ दिनों तक चलने वाला पर्व है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर रंगों की मस्ती देखने को मिलती है। होली की शाम को “चीर” को जलाया जाता है और इसके साथ ही रंगों का त्योहार शुरू हो जाता है। नेपाल में होली के दौरान लोग गाने-बजाने, स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेने और रंगों की बरसात करने में व्यस्त रहते हैं।

नेपाल की राजधानी काठमांडू में होली के दौरान पानी से खेलने की परंपरा ज्यादा प्रचलित है। लेकिन त्योहार के आखिरी दिन महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर आग के चारों ओर घूमती हैं, प्रार्थना करती हैं और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

नेपाल में होली को क्या कहा जाता है?

नेपाल में होली के रंगों को प्राकृतिक चीजों से तैयार किया जाता है, जिनमें चंदन और हल्दी से बने पाउडर का इस्तेमाल प्रमुख रूप से होता है। नेपाल में होली को “फागु पूर्णिमा” कहा जाता है, जबकि वहां की लोक भाषा में इसे “फागु पुन्हि” भी कहा जाता है। कहा जाता है कि नेपाल में राजशाही काल से ही होली मनाने की परंपरा चली आ रही है। नेपाल में हिंदू समुदाय बड़ी संख्या में है, इसलिए वहां यह त्योहार भारतीय संस्कृति से काफी मेल खाता है। हर साल यहां की फागु पूर्णिमा देखने के लिए कई विदेशी सैलानी भी पहुंचते हैं और नेपाल की अनोखी होली का लुत्फ उठाते हैं।