रूस में भीषण भूकंप के बाद सुनामी का खतरा, 12 देश हाई अलर्ट पर – देखें कौन-कौन हैं चपेट में?

0
13
रूस में भीषण भूकंप के बाद सुनामी का खतरा
रूस में भीषण भूकंप के बाद सुनामी का खतरा

रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को एक भयानक भूकंप ने धरती हिला दी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.8 मापी गई, जो इसे दुनिया के अब तक के छठे सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक बनाता है। भारतीय समयानुसार यह झटका सुबह 4:54 बजे महसूस किया गया। भूकंप के बाद अब कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। लोगों के मन में 2011 में जापान में आई विनाशकारी सुनामी की यादें ताजा हो गई हैं।

प्रशांत क्षेत्र में फैल रहा है खतरा

भूकंप के कुछ समय बाद ही समुद्र में तेज लहरें उठनी शुरू हो गईं, जिससे रूस, जापान और अमेरिका जैसे देशों के तटीय इलाकों में खतरे की घंटी बज चुकी है। अमेरिका के हवाई द्वीप पर लहरें टकराना शुरू हो चुकी हैं। शुरुआती लहरें अपेक्षाकृत छोटी हैं, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि ये एक बड़ी सुनामी की शुरुआत हो सकती हैं। एहतियातन हवाई के समुद्री किनारे खाली करा दिए गए हैं।

किन देशों पर मंडरा रहा है खतरा?

इस भूकंप के चलते रूस, जापान, अमेरिका, कनाडा, इक्वाडोर, पेरू, मेक्सिको, न्यूजीलैंड, चीन, फिलीपींस, ताइवान और इंडोनेशिया में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। तटीय इलाकों से नागरिकों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाया जा रहा है। कई देशों में प्रशासन ने लोगों को समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

अमेरिका पर संभावित प्रभाव

अमेरिका में सुनामी की आशंका से 10 करोड़ लोगों के प्रभावित होने का खतरा है। हवाई (15 लाख आबादी) और अलास्का (साढ़े 7 लाख) में आपात स्थिति लागू कर दी गई है। सबसे बड़ी चिंता कैलिफोर्निया को लेकर जताई जा रही है, जहां 3.90 करोड़ लोग रहते हैं। इसके अलावा वॉशिंगटन, ऑरेगन, टेक्सास, न्यू मैक्सिको, एरिज़ोना और लुसियाना जैसे राज्य भी खतरे के दायरे में हैं।

जापान की स्थिति चिंताजनक

जापान में प्रशांत महासागर के किनारे विशाल लहरें उठनी शुरू हो गई हैं। पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए सरकार ने अलर्ट जारी कर दिया है। होक्काइडो से लेकर क्योशू तक के सभी कोस्टल एरिया खाली कराए जा रहे हैं। करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र से दूर रहें और अलर्ट का पालन करें।