भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर दिखाई देगा। शनिवार, 5 अप्रैल को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दक्षिण और पूर्वी भारत में बरसेंगे बादल
दक्षिण और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उत्तर कर्नाटक में आज बारिश हो सकती है। साथ ही, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश का अनुमान है। असम और मेघालय में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना के चलते इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली का हाल
राजधानी दिल्ली में आज हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं, हालांकि यह स्थिति ज्यादा देर तक नहीं टिकेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 7 अप्रैल तक दिल्ली में लू का कोई बड़ा खतरा नहीं है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिर से ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है।
यूपी और बिहार के मौसम का मिजाज
हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी अगले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पंजाब और हरियाणा के लिए 7 से 9 अप्रैल के बीच लू का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के लिए भले ही अभी तक कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन तापमान में वृद्धि के चलते गर्मी का असर वहां भी महसूस किया जा रहा है।