महान तबला वादक उस्ताद ज़ाकिर हुसैन के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक, लिखा- भारतीय शास्त्रीय संगीत के जीनियस…

0
10

प्रसिद्ध तबलावादक और संगीत की दुनिया के महान सितारे जाकिर हुसैन के निधन की खबर से देश में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए, उन्हें भारतीय संगीत और संस्कृति का एक अद्भुत प्रतिनिधि और सांस्कृतिक एकता का स्तंभ बताया।

बता दें कि ज़ाकिर हुसैन का आज यानी सोमवार (16 दिसंबर 2024) सुबह अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में निधन हो गया। 73 वर्षीय जाकिर हुसैन दिल से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और पिछले दो हफ्तों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत रविवार को अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने वाले जाकिर हुसैन ने अपनी कला से दशकों तक लोगों का दिल जीता। उनके असमय निधन से संगीत जगत में शोक की लहर है। इसी क्रम में पीएम मोदी ने भी उस्ताद ज़ाकिर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, ” प्रसिद्ध तबला वादक उस्ताद ज़ाकिर हुसैन जी के निधन की खबर से गहरा आघात लगा। उन्हें एक सच्चे प्रतिभाशाली व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया में क्रांति ला दी। उनकी संगीत साधना ने न केवल भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया, बल्कि हमारे सांस्कृतिक विविधता में एकता के महत्व को भी दर्शाया। उनकी अनुपस्थिति कला और संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।”

पीएम मोदी ने आगे लिखा, “उनका प्रतिष्ठित प्रदर्शन और भावपूर्ण रचनाएँ संगीतकारों और संगीत प्रेमियों की पीढ़ियों को समान रूप से प्रेरित करने में योगदान देंगी। उनके परिवार, दोस्तों और वैश्विक संगीत समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

जाकिर हुसैन, जो तबला वादन में अपनी बेमिसाल कला और ऊर्जा के लिए जाने जाते थे, ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई। उनकी जुगलबंदी और प्रदर्शन ने हमेशा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें भारत का पद्म विभूषण और अमेरिका का ग्रैमी अवॉर्ड भी शामिल हैं। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।