पाकिस्तान की नापाक हरकतों का सिलसिला लगातार जारी है। इस बार उसने एलओसी के नजदीक राजौरी जिले के केरी सेक्टर में युद्धविराम का उल्लंघन किया है। इस अचानक हुई गोलीबारी से भारतीय सेना के एक मेजर समेत 4 जवान शहीद हो गए।
सेना के मुताबिक पाकिस्तान ने ये गोलाबारी शनिवार दोपहर में की, जब पाकिस्तान की ओर से घात लगाकर सेना के गश्ती दल पर निशाना साधा गया। सेना ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। सेना ने इन जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सेना इन शहीद जवानों का बलिदान हम व्यर्थ नहीं जाने देगा। थल सेना ने अपने बयान में कहा वे बहादुर जवान थे और अपने कर्तव्य निवर्हन के दौरान उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके इस समर्पण के लिए राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
आपको बता दें कि पाकिस्तान की इस गोलाबारी से मेजर मोहरकार प्रफुल्ल अंबादास, लांस नायक गुरमैल सिंह, लांस नायक कुलदीप सिंह और सिपाही परगट सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद शहीदों के परिवार में मातम का माहौल है। 32 साल के मेजर अंबादास महाराष्ट्र के भंडारा जिले के रहने वाले थे। वह अपने पीछे अपनी पत्नी अवोली मोहरकार छोड़ गए हैं। अपने बेटे की तस्वीरों को हाथ में लिए शहीद मेजर की मां ने रोते हुए कहा, ‘मेरे बेटे ने वादा किया था कि वह अगले साल हमसे मिलने आएगा, लेकिन हमारे लिए वो अगला साल अब कभी नहीं आएगा।’
34 साल के लांस नायक गुरमैल सिंह पंजाब के अमृतसर के रहने वाले थे। वे अपने पीछे अपनी पत्नी कुलजीत कौर और एक बेटी छोड़ गए हैं। वहीं 30 साल के लांस नायक कुलदीप सिंह पंजाब के भटिंडा के गांव करेड़ा के रहने वाले थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी जसप्रीत कौर और एक बेटा-बेटी छोड़ गए हैं। 30 साल के सिपाही परगट सिंह हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले थे। वे अपने पीछे अपनी पत्नी श्रीमती रमनप्रीत कौर और एक बेटा छोड़ गए हैं। सिपाही परगट सिंह की मां ने बिलखते हुए कहा कि वह हमेशा से आर्मी में जाना चाहता था और हमें उसके शहादत पर गर्व है। हालांकि उन्होंने भारत सरकार और सेना से पाकिस्तान पर कड़ी कार्यवाही की मांग की।
गोलीबारी के समय राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती भी राजौरी जिले में ही मौजूद थी और लोगों की समस्याएं सुन रहीं थीं। उन्होंने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए और पाकिस्तान के संघर्ष विराम उल्लंघन के लिए उसकी निंदा की। सिंह ने कहा पाकिस्तान कायरना हरकतें कर रहा है लेकिन हम उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।