देश में राज्यपाल पद के लिए सात राज्यों में उलटफेर हुआ है। सात राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति हुई है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को सात राज्यों के राज्यपालों की नियुक्ति की है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिहार के राज्यपाल सतपाल मलिक को जम्मू-कश्मीर का राज्यपाल बनाया है, वो एनएन वोहरा का स्थान लेंगे। खबरों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 51 साल बाद इस पद पर किसी राजनेता की नियुक्ति की गई है। इससे पहले 1965 में कांग्रेस के कर्ण सिंह को राज्य का पहला राज्यपाल नियुक्त किया गया था। इस समय जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है। ऐसे में सतपाल मलिक की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है। बताया जा रहा है कि उनके संबंध मुफ्ती मोहम्मद सईद से काफी अच्छे रहे हैं। इसके साथ ही राज्य की समस्याओं से भी वो काफी अच्छे से वाकिफ हैं।
राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन बिहार के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। वह मलिक की जगह लेंगे। वहीं, सत्यदेव नारायण आर्य हरियाणा के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। बेबी रानी मौर्य उत्तराखंड की नई राज्यपाल बनाई गई हैं। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को अब त्रिपुरा भेज दिया गया है। इसी तरह त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय को मेघालय का राज्यपाल बनाकर भेजा गया है, जबकि मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद का स्थानांतरण सिक्किम कर दिया गया है यानी उनको मेघालय से हटाकर सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है।
बता दें कि वोहरा 10 साल से कश्मीर के राज्यपाल पद पर बने थे। उनको राज्य की समस्याओं पर काफी अनुभव था। लेकिन केंद्र को शायद इस समय किसी राजनीतिक व्यक्तित्व की तलाश थी जो उनको सतपाल मलिक के रूप में उपयुक्त लगा।