पाकिस्तान की ओर से सीमा पर बढ़ते हमलों के जवाब में, भारत ने लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम पर हमले किए। 7 और 8 मई की मध्य रात्रि में, पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने का प्रयास किया। इनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल थे। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक बयान में दी गई।
भारतीय सशस्त्र बलों ने आज सुबह पाकिस्तान के कई ठिकानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाकर जवाबी कार्रवाई की।
भारत का पूरा बयान: 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत ने अपनी कार्रवाई को “केंद्रित, मापी हुई और गैर-उत्तेजक” बताया था। यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया था कि पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया गया है। साथ ही यह भी दोहराया गया कि भारत के सैन्य ठिकानों पर किसी भी हमले का उचित जवाब दिया जाएगा।
07-08 मई की रात को पाकिस्तान ने उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली और एकीकृत यूएएस रोधी ग्रिड ने इन सभी हमलों को विफल कर दिया। इन हमलों के मलबे अब विभिन्न स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं, जो पाकिस्तान के हमलों का स्पष्ट प्रमाण हैं। आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत की यह प्रतिक्रिया उसी क्षेत्र में और उसी तीव्रता के साथ की गई है जिस तीव्रता से पाकिस्तान ने हमला किया था। विश्वसनीय जानकारी के अनुसार लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।
पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर बेवजह की गोलीबारी तेज कर दी गई है, जिसमें जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी तोपों का इस्तेमाल किया गया। इस पाकिस्तानी गोलीबारी में अब तक 16 निर्दोष नागरिकों की जान गई है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। यहां भी भारत को पाकिस्तान की मोर्टार और तोपों की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ा। भारतीय सशस्त्र बल गैर-उत्तेजक नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, बशर्ते पाकिस्तानी सेना इसका सम्मान करे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार सुबह सर्वदलीय बैठक में यह चेतावनी दोहराई कि “ऑपरेशन सिंदूर” पाकिस्तान की गतिविधियों के अनुसार अब भी जारी है।