IND vs ENG: सिर्फ सैमसन नहीं, इंग्लैंड को हराने में टीम इंडिया के कई ‘मैच विनर’; फाइनल की राह में चमके ये सितारे

0
0

IND vs ENG ICC T20 WORLD CUP 2026: गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुएआईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के सबसे बड़े नायक संजू सैमसन (Sanju Samson) रहे, जिन्होंने 42 गेंदों में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता। हालांकि, इस जीत की कहानी सिर्फ सैमसन की पारी तक सीमित नहीं रही। भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से मैच का रुख तय किया और इंग्लैंड की चुनौती को ध्वस्त कर दिया।

बताते चलें कि इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। अंततः भारत ने अंत के ओवरों में शानदार गेंदबाजी के दम पर 7 रन से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली।

सैमसन–ईशान की रिकॉर्ड साझेदारी

सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट सैमसन और ईशान किशन (Ishan Kishan) के बीच हुई साझेदारी रही। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन जोड़ते हुए एक नया रिकॉर्ड बना दिया।

यह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में भारत के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2007 टी20 वर्ल्ड कप में दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) और रॉबिन उथप्पा (Robin Uthappa) के नाम था, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रन जोड़े थे।

बताते चलें, अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वे 9 रन बनाकर चलते बने, लेकिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन ने तेज शुरुआत करते हुए 18 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिससे इंग्लैंड के गेंदबाज शुरुआत से ही दबाव में आ गए।

मिडिल ऑर्डर ने भी निभाई अहम भूमिका

शिवम दुबे (Shivam Dube) ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इन दोनों पारियों (ईशान किशन और शिवम दुबे) ने सैमसन की पारी को सही समर्थन दिया और इंग्लैंड पर दबाव बनाए रखा।

इसके अलावा, भारत की जीत में मिडिल ऑर्डर का योगदान भी बेहद अहम रहा। तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने सिर्फ 7 गेंदों में 21 रन यानी 300 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए तेज पारी खेली और रन गति को बनाए रखा।

हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन

हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) ने एक बार फिर बड़े मैच में अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेली और बाद में गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हार्दिक ने अपने चार ओवर के स्पेल में 2 अहम विकेट झटके और इंग्लैंड की रन गति को नियंत्रित रखा। इतना ही नहीं बुमराह के बाद वे टीम के दूसरे बेहतर गेंदबाज के रूप में उभरे उनका यह ऑलराउंड प्रदर्शन मैच के निर्णायक क्षणों में टीम इंडिया के लिए बेहद अहम साबित हुआ।

बुमराह की 12 गेंदों ने पलटा मैच

भारत की जीत में सबसे बड़ा अंतर गेंदबाजी के दौरान देखने को मिला। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने इंग्लैंड की रन गति को रोकने में अहम भूमिका निभाई।इसपर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफ़ान पठान (Irfan Pathan) ने भी कहा कि सैमसन की पारी जितनी महत्वपूर्ण थी, उतनी ही महत्वपूर्ण बुमराह की गेंदबाजी भी रही।

बुमराह ने मैच के महत्वपूर्ण चरण (डेथ ओवरों) में दो ओवर फेंके—

  • 16वें ओवर में सिर्फ 8 रन दिए
  • 18वें ओवर में सिर्फ 6 रन

मैदान पर शतकवीर जेकब बेथेल (105 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके, उनके पास भी बुमराह की यॉर्कर का जवाब नहीं था। इन 12 गेंदों ने इंग्लैंड के रन चेज की गति पूरी तरह तोड़ दी।

अक्षर पटेल की फील्डिंग भी बनी खास

भारत के उपकप्तान और स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल (Axar Patel) ने गेंदबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाया। उन्होंने मैच में 1 क्लीन बोल्ड के साथ-साथ तीन शानदार कैच लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया। फैंस समेत कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फील्डिंग के नजरिए से देखा जाए तो प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अक्षर को मिलना चाहिए था।

टीम वर्क से मिली जीत

अगर पूरे मुकाबले पर नजर डालें तो यह जीत किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रदर्शन की कहानी रही। सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी, किशन की तेज शुरुआत, मिडिल ऑर्डर का समर्थन, हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन और बुमराह की कसी हुई गेंदबाजी—इन सभी ने मिलकर इंग्लैंड के खिलाफ भारत की जीत की नींव रखी।

अब टीम इंडिया का अगला लक्ष्य फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी एक बार फिर जीतना होगा। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि जिस टीमवर्क से सेमीफाइनल जीता गया है, वही जज्बा फाइनल में भी दिखाई देगा।

भारत बनाम इंग्लैंड प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (wk), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (c), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड की प्लेइंग XI

फिल सॉल्ट, जोस बटलर (wk), हैरी ब्रूक (c), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।”

यह भी पढ़ें:

IND vs ENG: टी20 में किसका पलड़ा भारी? सेमीफाइनल से पहले जानिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड और संभावित प्लेइंग XI