हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि लिफ्ट देने का झांसा देकर दो युवकों ने एक महिला के साथ चलती गाड़ी में गैंगरेप किया और बाद में उसे सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। यह घटना फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला को करीब दो घंटे तक कार में इधर-उधर घुमाते रहे। देर रात लगभग 3 बजे एसजीएम नगर इलाके के पास उसे चलती वैन से नीचे फेंक दिया गया। इस दौरान महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
मां से विवाद के बाद निकली थी घर से
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह के अनुसार, पीड़िता की बहन ने शिकायत में बताया कि रात करीब 8:30 बजे पीड़िता का फोन आया था। उसने बताया कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और वह सहेली के घर जा रही है। पीड़िता ने कहा था कि वह तीन घंटे में वापस लौट आएगी।
बताया गया कि रात करीब 12 बजे पीड़िता कहीं जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक इको वैन वहां रुकी, जिसमें पहले से दो युवक सवार थे। लिफ्ट देने के बाद वे उसे गुरुग्राम रोड की ओर ले गए।
आरोप है कि फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के आगे एक युवक गाड़ी चलाता रहा, जबकि दूसरे ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। करीब दो घंटे तक वैन को उसी रोड पर घुमाया जाता रहा।
चलती वैन से फेंकने के बाद भागे आरोपी
रात करीब 3 बजे आरोपियों ने पीड़िता को चलती वैन से बाहर धकेल दिया और मौके से फरार हो गए। गिरने से महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े।
इसके बाद पीड़िता ने अपनी बहन को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। बहन मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली एम्स रेफर किया, हालांकि फिलहाल उसका इलाज फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।









