वर्तमान समय में आरजेडी (RJD) की कमान संभाल रहे लालू प्रसाद यादव के चिराग तेजस्वी प्रसाद यादव पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। वोट पाने के लिए तेजस्वी कभी किसानों के साथ ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं तो कभी वादों से जनता को खुश कर रहे हैं।

तेजस्वी प्रसाद यादव ने 27 सितंबर को ट्विटर के जरिए ऐलान किया कि, “पहली कैबिनेट में पहली कलम से बिहार के 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे।”

तेजस्वी के वादों की यादों से जनता अभी बाहर नहीं आई थी कि उन्होंने एक और वादा कर दिया इसमें एक नहीं बल्की 10 वादे शामिल हैं।

तेजस्वी ने सोमवार को ट्वीट कर नया और विकसित बिहार बनाने की बात कही। उन्होंने ट्वीट के साथ पार्टी का एक वीडियो संदेश भी टैग किया है। इसमें चुनाव चिह्न लालटेन को दर्शाते हुए 10 प्रमुख सुधारों का वायदा किया गया है। इसमें कहा है कि सरकार बनने पर हम करेंगे बिहार में 10 सुधार। तरक्की को देंगे रफ्तार। इसमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार, कानून व्यवस्था आदि में सुधार के वायदे किए गए हैं।

तेजस्वी के 10 वादे

  1. वीडियो की पहली झलक में कृषि पर जोर दिया गया है। इसमें दर्शाया गया है, “होगा खुशहाल किसान मिलेगी नई पहचान।”
  2. उद्योग के लिए कहा गया है कि, “बढ़ेंगे उद्योग व व्यापार, बढ़ेंगी रोजगार की रफ्तार।”
  3. स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा गया है, “मिलेगा सबको उपचार, करेंगे व्यवस्था में सुधार।”
  4. उन्नत शिक्षा का आधार खोलेगा उन्नति का द्वार
  5. खेलों में बेहतर आयाम, बढ़ाए प्रदेश का नाम।
  6. नई तकनीकी बनेगी शान, काम को बनाएगी आसान।
  7. इन्फ्रास्ट्रक्चर से विकास, हर जन से जोड़े विश्वास।
  8. गांव-शहर रोशन, खुशहाल होगा हर जन।
  9. अपराध मुक्त बिहार, निडर रहेगा हर परिवार।
  10. . सुगम यातायात, सबसे जोड़े साथ।

इन सब वादों के साथ तेजस्वी ने लिखा है कि आप और हम, बिहार सक्षम। आपके आदेश से, आपके सहयोग से मिलकर बनाएंगे नया बिहार, विकसित बिहार।

ट्विटर से सरकार पर वार

वहीं एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि 15 वर्षों की एनडीए सरकार से बिहार में नौकरी मांगना गुनाह है।

बात दे कि तेजस्वी यादव बिहार के विधायक दल के नेता प्रतिपक्ष हैं। वे बिहार विधानसभा में राघोपुर से विधायक हैं तथा वो बिहार के चौथे तथा सबसे कम उम्र में उपमुख्यमंत्री 20 नवंबर 2015 से 26 जुलाई 2017 तक रहे हैं।