बेंगलुरु भगदड़ केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, RCB अधिकारी समेत 4 गिरफ्तार

0
5
बेंगलुरु भगदड़ केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बेंगलुरु भगदड़ केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न का माहौल मातम में बदल गया। बेंगलुरु में हुई इस भयावह भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई और दर्जनों घायल हो गए। अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, निखिल मुंबई भागने की कोशिश में थे लेकिन उन्हें एयरपोर्ट से ही पकड़ लिया गया। उनके साथ-साथ डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स के दो वरिष्ठ अधिकारी — किरण कुमार (सीनियर इवेंट मैनेजर) और सुनील मैथ्यू (वाइस प्रेसिडेंट, बिजनेस अफेयर्स) भी हिरासत में लिए गए हैं।

किस वजह से की गई गिरफ्तारी?

बताया जा रहा है कि RCB की विजय परेड के आयोजन को लेकर पुलिस से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। निखिल सोसले और उनकी टीम ने चिन्नास्वामी स्टेडियम तक परेड की घोषणा सोशल मीडिया पर की थी, जबकि पुलिस ने पहले ही इसे खारिज कर दिया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पोस्ट्स हटाए नहीं गए, जिससे हजारों फैंस को गलत सूचना मिली।

RCB के आधिकारिक हैंडल से बताया गया था कि दोपहर 1 बजे गेट नंबर 9 और 10 पर मुफ्त टिकट बांटे जाएंगे, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। वहीं, एक अन्य पोस्ट में स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 3 बजे से बताया गया, जिससे भीड़ और ज्यादा बढ़ गई।

मुख्यमंत्री के आदेश के बाद तेज़ हुई कार्रवाई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए RCB, डीएनए नेटवर्क्स और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के संबंधित अधिकारियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। साथ ही कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जिनमें बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद, एडिशनल कमिश्नर (वेस्ट) विकास कुमार, डीसीपी शेखर टेक्कन्नावर और कब्बन पार्क थाने के अन्य अधिकारी शामिल हैं।

आरसीबी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं

निखिल सोसले की भूमिका को लेकर पुलिस गहराई से जांच कर रही है। उनसे यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उनकी लापरवाही किस हद तक इस दुर्घटना की वजह बनी। फिलहाल RCB टीम या फ्रेंचाइज़ी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।