लोकसभा चुनावों की तारीख जैसे-जैसे करीब आती जा रही है, वैसे ही नेताओं के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ‘मिश्रित नस्ल’ का बताते हुए कहा कि एक ‘मुस्लिम’ पिता और ईसाई मां का बेटा ब्राहमण कैसे हो सकता है। हेगड़े ने राफेल सौदे पर नरेंद्र मोदी सरकार को निशाना बनाने को लेकर भी राहुल गांधी पर हमला बोला।
उत्तर कन्नड़ जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेगड़े ने कहा, ‘‘उन्हें धर्म की कोई समझ नहीं है। देखिए वे कितना झूठ बोलते हैं, पिता मुस्लिम हैं, मां ईसाई हैं, बेटा ब्राहमण है। यह कैसे हुआ?’’ हेगड़े यहीं नहीं रुके और कहा, ‘दुनिया के किसी भी लैब में आपको इस तरह का हाइब्रिड नमूमा नहीं मिलेगा। आपको इस देश में कांग्रेस की प्रयोगशाला में ऐसा नमूना जरूर मिल जाएगा, जहां पिता और बेटा अलग तरीके के हैं।
अगर आप झूठ भी बोलते हैं तो ऐसे बोलना चाहिए कि लोगों को विश्वास दिला सकें। उनके लिए यह केवल दो या तीन महीनों की बात है। सामूहिक आत्महत्या की खबरें आएंगी। 2-3 महीनों के बाद सभी के सभी अपने बिलों में घुस जाएंगे। राहुल गांधी तो शायद कोलंबिया चले जाएंगे।’
इससे पहले हेगड़े ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि हिन्दू लड़की को छूने वाला हाथ बचना नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने आगरा के ताजमहल को लेकर भी अजीबो-गरीब दावा किया था। उन्होंने कहा था कि शाहजहां ने अपनी जीवनी में कहा है कि उन्होंने यह जमीन राजा जयसिम्हा से खरीदी थी।
अनंत हेगड़े ने कहा था कि एक शिव मंदिर है, जिसे राजा परमतीर्थ ने बनवाया था, जिसका नाम तेजो महालया था। तेजो महालया का नाम बदलकर ताजमहल कर दिया गया। उन्होंने कहा था कि भविष्य में भगवान राम को जहांपनाह और सीता को बीबी के नाम से बुलाया जाएगा।